दो बाइक की टक्कर में एक की मौत, तीन घायल
खेतासराय, जौनपुर।
डॉ. सुरेश कुमार
तहलका 24×7
क्षेत्र के बरजी गांव स्थित पुलिया के पास मंगलवार की देर शाम दो बाइक की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में एक युवक की जिला अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रुप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया।

जानकारी के अनुसार खुटहन थाना क्षेत्र के शेखपुर अशरफपुर निवासी हिमांशु (25) पुत्र रमेश राजभर व ताजूपुर निवासी लालबहादुर प्रजापति (30) पुत्र रामस्वारथ एक बाइक से कहीं जा रहे थे। उसी समय सामने से सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के भरोठा निवासी जनार्दन (35) व हड़ही निवासी दयाराम (50) बाइक से आ रहे थे। बरजी गांव के पास दोनों बाइकों की जोरदार टक्कर हो गई।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल भिजवाया, जहां इलाज के दौरान हिमांशु की मौत हो गई। तीन अन्य घायलों का उपचार चल रहा है। पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए शव को परिजनों को सौंप दिया। घटना से परिवार में कोहराम मचा रहा।

















