दो महिलाओं की सोने की चेन ले उड़े उचक्के
# एक को चेन साफ कराने का झांसा,दूसरी की टेंपो में महिलाओं ने छीनी चेन
खुटहन, जौनपुर।
मुलायम सोनी
तहलका 24×7
क्षेत्र में महिलाओं को झांसे में लेकर आभूषण उड़ाने और चेन छीनने की दो घटनाओं से सनसनी फैल गई।एक मामले में उचक्के ने चेन साफ कराने का झांसा देकर महिला की सोने की चेन उतरवा ली और फरार हो गया,जबकि दूसरे मामले में टेंपो में सवार दो अज्ञात महिलाओं पर महिला के गले से सोने की चेन छीनने का आरोप है।दोनों पीड़िताओं ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।

सरपतहा थाना क्षेत्र के दशगरपा गांव निवासी नरमा देवी पत्नी गया पाल मंगलवार को अपनी बेटी को देखने दामाद के साथ खुटहन स्थित सरकारी अस्पताल आई थीं।अस्पताल से बाहर निकलते समय एक अज्ञात व्यक्ति ने उन्हें बातचीत में उलझा लिया।आरोप है कि उक्त व्यक्ति ने महिला से कहा कि उनके गले की सोने की चेन गंदी हो गई है और वह उसे साफ कर सकता है।उसकी बातों में आकर महिला ने चेन उतारकर उसे दे दी।

चेन हाथ में आते ही आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना के बाद महिला ने पुलिस को सूचना देकर कार्रवाई की मांग की।वहीं दूसरी घटना में सरपतहा क्षेत्र के बूढ़ूपुर गांव निवासी अमृता देवी पत्नी सुरेंद्र गौतम गत सोमवार को टेंपो से घर जा रही थीं।बहरीपुर गांव के मोड़ के पास टेंपो से उतरते समय उसमें सवार दो अज्ञात महिलाओं ने कथित रूप से उनके गले से सोने की चेन छीन ली। महिला के शोर मचाने पर भी टेंपो चालक वाहन लेकर वहां से चला गया।

पीड़िता ने पुलिस को तहरीर देकर आसपास लगे सीसी कैमरों की फुटेज खंगालने और आरोपित महिलाओं की पहचान कर कार्रवाई की मांग की है।दोनों घटनाओं की सूचना मिलने के बाद पुलिस जांच में जुट गई है।पुलिस आसपास के सीसी कैमरों की फुटेज और अन्य संभावित सुरागों के आधार पर आरोपितों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।


















