नई खोज और आविष्कार विकास की राह को आसान बनाते हैं: प्राचार्य
शाहगंज,जौनपुर।
एखलाक खान
तहलका 24×7
क्षेत्र के ग्राम सबरहद तालीमाबाद स्थित सर सैयद अहमद इंटर कॉलेज में संस्कृति मंत्रालय के तत्वावधान में”मानव जीवन में दैनिक उपयोग की मशीनों की भूमिका”विषय पर विज्ञान प्रदर्शनी बस के माध्यम से विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं आमजन में वैज्ञानिक सोच विकसित करना तथा विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के प्रति जागरुकता बढ़ाना रहा।

तीन दिवसीय प्रदर्शनी के दूसरे दिन विज्ञान प्रचारक आशु,सूरज कुमार और रमेश कुमार ने विद्यार्थियों को विभिन्न वैज्ञानिक मॉडलों के माध्यम से मशीनों की कार्यप्रणाली और आधुनिक तकनीक की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मशीनों ने कृषि,उद्योग,परिवहन, निर्माण और संचार सहित जीवन के हर क्षेत्र में क्रांतिकारी बदलाव लाकर कार्यों को सरल,तेज और प्रभावी बनाया है।उन्होंने बताया कि 12 जुलाई से 14 अगस्त तक चलित विज्ञान प्रदर्शनी बस के माध्यम से जनपद के 14 विद्यालयों में कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

बस में लगाए गए करीब 20 वैज्ञानिक मॉडलों का प्रदर्शन किया गया।साथ ही विज्ञान आधारित फिल्मों का प्रदर्शन और वैज्ञानिक व्याख्यान भी आयोजित हुए, जिससे विद्यार्थियों को विज्ञान के व्यावहारिक पहलुओं को समझने का अवसर मिला।कार्यक्रम में विद्यार्थियों को सोलर लाइट,स्मार्टफोन,मोटर,कृषि उपकरणों की कार्य प्रणाली,पहियों को शक्ति मिलने की प्रक्रिया तथा रेलवे पटरियों पर ट्रेनों के संतुलन जैसी वैज्ञानिक जानकारियां दी गईं।

कक्षा 6 से 12 तक के छात्र छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रश्न पूछे,जिनका विशेषज्ञों ने सरल भाषा में उत्तर दिया।साथ ही अंधविश्वास से दूर रहकर वैज्ञानिक दृष्टिकोण अपनाने का संदेश भी दिया गया।विद्यालय के प्राचार्य मो. शाहिद नईम ने कहा कि विज्ञान और नई खोज मानव विकास की आधारशिला हैं। नए आविष्कार विकास की राह को आसान बनाते हैं और विद्यार्थियों को तकनीकी नवाचारों की ओर प्रेरित करते हैं।

उन्होंने कहा कि विज्ञान ने मानव को धरती से लेकर अंतरिक्ष तक नई संभावनाओं से परिचित कराया है।इस अवसर पर विज्ञान शिक्षक मो.अहसन अंसारी,हसनैन नियाजी,लालमन,ताहिरा ज़ैनब,वंदना प्रजापति,बुशरा परवेज,तलअत रिज़वी,आनंद सिंह,प्रतिभा सिंह,मिर्ज़ा ज़रियाब बेग सहित विद्यालय के शिक्षक,शिक्षिका एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


















