नाबालिग छात्रा की ईंट से कूचकर हत्या,बोरे में बंद कर नाले में फेंका शव,आरोपी चंडीगढ़ से गिरफ्तार
मेरठ।
तहलका 24×7
कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र में 17 वर्षीय छात्रा की हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को चंडीगढ़ से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने कथित रुप से मामूली विवाद के बाद छात्रा की ईंट से हमला कर हत्या कर दी और पहचान छिपाने के लिए शव को बोरे में बंद कर नाले में फेंक दिया था।

पुलिस के अनुसार दौराला थाना क्षेत्र के चिरौड़ी गांव निवासी नेमपाल की पुत्री अनुष्का उर्फ रिया कंकरखेड़ा बाईपास स्थित एक विद्यालय में कक्षा 12 की छात्रा थी। वह 16 अप्रैल से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता थी। पिता की तहरीर पर गुमशुदगी का मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरु की।जांच के दौरान पुलिस को रोहटा रोड स्थित शोभापुर कट के पास फास्ट फूड की दुकान चलाने वाले श्याम धानक पर संदेह हुआ।पूछताछ के लिए बुलाए जाने पर आरोपी फरार हो गया और चंडीगढ़-मोहाली क्षेत्र में जाकर छिप गया।

उसने अपने मोबाइल फोन और नंबर भी बंद कर दिए, जिससे पुलिस को उसकी तलाश में कठिनाई हुई।मेरठ के पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर गठित विशेष टीमों ने इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस,सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से आरोपी की तलाश शुरु की।लगातार निगरानी के बाद पुलिस ने चंडीगढ़ से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि छात्रा का उसके फास्ट फूड ठेले पर आना-जाना था।पुलिस के मुताबिक 15 अप्रैल की रात किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया।

इसी दौरान आरोपी ने छात्रा पर ईंट से हमला कर उसकी हत्या कर दी।इसके बाद शव को बोरे में बंद कर रोहटा रोड स्थित नाले में फेंक दिया।आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने छात्रा का शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले में हत्या और साक्ष्य मिटाने सहित अन्य गंभीर धाराओं की बढ़ोतरी की जा रही है।पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच जारी है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपी के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।


















