निर्माणाधीन किसान कल्याण केंद्र का छज्जा ढहा,गुणवत्ता पर उठे गंभीर सवाल
खेतासराय, जौनपुर।
डॉ. सुरेश कुमार
तहलका 24×7
शाहगंज सोंधी विकासखंड के ग्राम पंचायत लपरी में राष्ट्रीय कृषि विकास योजना (आरकेवीवाई) के अंतर्गत निर्माणाधीन किसान कल्याण केंद्र में शनिवार सुबह अचानक छज्जा ढह जाने से हड़कंप मच गया। संयोगवश घटना के समय निर्माण कार्य बंद था और वहां मौजूदर नहीं थे,जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।हादसे के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गए और निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर सवाल उठाने लगे।

जानकारी के अनुसार लपरी गांव में किसानों की सुविधा के लिए मल्टी परपज सीड स्टोर एंड टेक्नोलॉजी डिसेमिनेशन सेंटर (किसान कल्याण केंद्र) का निर्माण कार्य कराया जा रहा है।शनिवार सुबह अचानक भवन का बारजा भरभराकर नीचे गिर पड़ा।तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। कुछ देर तक मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा,हालांकि राहत की बात यह रही कि किसी भी श्रमिक या अन्य व्यक्ति को चोट नहीं आई।घटना के बाद ग्रामीणों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल खड़े किए हैं।

उनका कहना है कि यदि निर्माण कार्य मानकों के अनुरुप किया गया होता तो इस तरह की घटना नहीं होती।लोगों ने पूरे निर्माण कार्य की तकनीकी जांच कराने तथा लापरवाही के लिए जिम्मेदार अधिकारियों और संबंधित एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।हादसे की सूचना संबंधित विभाग के अधिकारियों को दे दी गई है। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि घटना की जांच कराई जाएगी।

जांच रिपोर्ट के आधार पर बारजा गिरने के कारणों का पता लगाया जाएगा और यदि किसी स्तर पर लापरवाही पाई जाती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।इस संबंध में कनिष्ठ अभियंता (जेई) विनोद कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि बारजा के ऊपर बनने वाली दीवार का कार्य पूरा होने से पहले ही सटरिंग हटा दी गई थी।उनके अनुसार पर्याप्त सहारा न मिलने के कारण बारजा गिर गया।उन्होंने कहा कि घटना की तकनीकी समीक्षा कर आगे आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

















