पिता पर दो मासूम बच्चों को जहर खिलाने का आरोप,इलाज के दौरान मौत
गोरखपुर।
तहलका 24×7
गीडा थाना क्षेत्र के बरवार खुर्द गांव में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है।पिता पर अपने ही दो मासूम बच्चों को जहर खिलाने का आरोप है।मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान दोनों बच्चों की मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी पिता को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरु कर दी है।जानकारी के अनुसार,बरवार खुर्द निवासी सत्यम कन्नौजिया टेंपो चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता है।

उसकी पत्नी शहर के एक निजी प्रतिष्ठान में कार्यरत है। रात में वह घर लौटा तो पत्नी घर पर नहीं थी।परिवार में उसकी 12 वर्षीय बड़ी बेटी,आठ वर्षीय बेटी परी और पांच वर्षीय पुत्र अक्षत हैं।आरोप है कि रात में सत्यम ने अपने तीनों बच्चों को सल्फास खिलाने का प्रयास किया।इस दौरान 12 वर्षीय बड़ी बेटी किसी तरह वहां से भाग निकली,जबकि आठ वर्षीय परी और पांच वर्षीय अक्षत को उसने सल्फास खिला दिया।जहर के प्रभाव से दोनों बच्चों की हालत बिगड़ गई।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों बच्चों को पहले सदर अस्पताल तथा बाद में गंभीर स्थिति में मेडिकल कॉलेज भेजा गया।जहां उपचार के दौरान दोनों की मौत हो गई।घटना के बाद पुलिस ने आरोपी पिता को हिरासत में ले लिया।स्थानीय लोगों के अनुसार वह लंबे समय से मानसिक बीमारी से पीड़ित है और उसका उपचार चल रहा है।इस संबंध में पिपरौली चौकी प्रभारी अमरेश सिंह ने बताया कि आरोपी पिता की मानसिक स्थिति ठीक नहीं बताई जा रही है।उसने अपने बच्चों को सल्फास खिला दिया था।उपचार के दौरान दोनों बच्चों की मौत हो गई।आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की जांच की जा रही है।















