प्रेमी की हत्या कर शव को जलाया, आरोपी दंपति गिरफ्तार
फतेहपुर/हमीरपुर।
तहलका 24×7
प्रेम प्रसंग में बाधा बनने पर एक महिला ने अपने पति के साथ मिलकर प्रेमी की हत्या कर दी।हत्या के बाद पहचान छिपाने के उद्देश्य से शव को बोरे में भरकर सुनसान स्थान पर ले जाया गया और पेट्रोल डालकर जला दिया गया।पुलिस ने सर्विलांस और कॉल डिटेल रिकॉर्ड की मदद से मामले का खुलासा करते हुए आरोपी दंपति को गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के अनुसार फतेहपुर जिले के बकेवर थाना क्षेत्र निवासी इन्द्रपाल निषाद ने अपने पुत्र विजय निषाद की गुमशुदगी की रिपोर्ट कानपुर देहात के रेउना थाने में दर्ज कराई थी।जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि 8 मई को विजय की अंतिम बातचीत एक महिला से हुई थी।पुलिस के अनुसार आरोपी महिला किरन निषाद ने विजय को अपनी ससुराल हमीरपुर बुलाया था।विजय के वहां पहुंचते ही उसे कमरे में बंधक बना लिया गया।

कमरे में पहले से मौजूद किरन के पति कामता निषाद ने पत्नी के साथ मिलकर विजय पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया।गंभीर चोटों के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।हत्या के बाद दोनों आरोपियों ने शव को एक बोरे में भरकर घर से करीब दो किलोमीटर दूर झाड़ियों में ले जाकर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी, ताकि पहचान और साक्ष्य मिटाए जा सकें।इसके बाद दोनों घर लौट आए।विजय के घर नहीं पहुंचने पर 9 मई को उसके पिता ने गुमशुदगी दर्ज कराई।

जांच के दौरान पुलिस ने मोबाइल कॉल डिटेल खंगाली,जिसमें घटना वाले दिन विजय और किरन के बीच कई बार बातचीत होने की पुष्टि हुई।इसके आधार पर पुलिस ने किरन को हिरासत में लेकर पूछताछ की।पूछताछ में उसने पति के साथ मिलकर हत्या की साजिश रचने और वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार कर ली।पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि विजय और किरन एक ही गांव के निवासी थे तथा विवाह से पहले दोनों के बीच प्रेम संबंध थे।शादी के बाद भी दोनों संपर्क में थे।

पति को इसकी जानकारी होने के बाद विवाद बढ़ गया था।पुलिस के अनुसार इसी विवाद के चलते दंपति ने हत्या की योजना बनाई।बकेवर थाना प्रभारी तुषार श्रीवास्तव ने बताया कि दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।उनकी निशानदेही पर रेउना पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से मानव अवशेष बरामद किए हैं।अवशेषों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।मामले में संबंधित धाराओं के तहत विधिक कार्रवाई की जा रही है।


















