फैशन डिजाइनर आयुषी ने 11वीं मंजिल से कूदकर दे दी जान
# सुसाइड नोट मिला, नौकरी को लेकर था तनाव, पिता से चल रही थी नाराज़
लखनऊ/गाजियाबाद।
विजय आनंद वर्मा
तहलका 24×7
गाजियाबाद में 25 वर्षीय फैशन डिजाइनर आयुषी ने कथित तौर पर आवासीय सोसाइटी की इमारत की 11वीं मंजिल से कूदकर जान दे दी। आयुषी पिछले कई वर्षों से नंद ग्राम थानांतर्गत राज नगर एक्सटेंशन में अपने परिवार के साथ रह रही थी। पुलिस के अनुसार आयुषी अपनी मां के साथ अपार्टमेंट में थी और रात करीब आठ बजे अचानक बालकनी से कूद गई। क्षेत्राधिकारी (सिहानी गेट) आलोक दुबे के मुताबिक, सुसाइड नोट से संकेत मिलता है कि आयुषी अपने पिता से नाराज थी और अपने कैरियर में तरक्की को लेकर भी नाखुश थी।
पुलिस ने बताया कि सुसाइड नोट की लिखावट की प्रमाणिकता की जांच के लिए भेजा जाएगा। मूलरूप से गोविंदपुरम मेरठ के रहने वाले सतीश दीक्षित मेरठ रोड पर नमकीन की फैक्ट्री चलाते हैं। परिवार में पत्नी आशा, बड़ी बेटी श्रुति, मंझली बेटी आयुषी और और बेटा निकेश थे। सतीश दीक्षित परिवार के साथ करीब दो साल से केडब्ल्यू सृष्टि सोसाइटी के जे-ब्लॉक में फ्लैट नंबर 1101 में किराए पर रह रहे थे। हिमाचल के कांगड़ा से फैशन डिजाइनिंग का कोर्स करने के बाद आयुषी दीक्षित करीब तीन साल से सेक्टर-5 नोएडा स्थित गौरव स्टूडियो पर फैशन डिजाइनर की जॉब करती थी।

पुलिस के मुताबिक सोमवार को फ्लैट पर आयुषी अपनी मां आशा के साथ थी। दोनों मां-बेटी एक ही बेड पर लेटे हुए थे। रात करीब आठ बजे आयुषी बालकनी में पहुंची और मूढा रखकर ग्रिल के ऊपर से छलांग लगा दी। सोसाइटी में चहल-पहल के बीच 11वीं मंजिल से युवती के नीचे गिरने के बाद अफरा-तफरी मच गई। शोर-शराबा सुनकर मां आशा ने नीचे झांककर देखा तो पैरों तले जमीन खिसक गई। नंदग्राम एसएचओ अमित काकरान के मुताबिक आयुषी ने अपनी डायरी में एक सुसाइड नोट लिखा है, जिसमें उसने अपने पिता को लेकर कुछ बात लिखी हैं। साथ ही नौकरी के तनाव का जिक्र भी किया है। सुसाइड नोट में उसने लिखा है कि वह जो मुकाम हासिल करना चाहती थी, उसे हासिल नहीं कर पाई। इसी बात को लेकर वह तनाव में रहती थी।



















