बकरी बचाने के प्रयास में भाई-बहन की गई जान, ट्रेन की चपेट में आने से दर्दनाक हादसा

बकरी बचाने के प्रयास में भाई-बहन की गई जान,ट्रेन की चपेट में आने से दर्दनाक हादसा

वाराणसी। 
तहलका 24×7
               मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के राजपुर गांव में हृदयविदारक रेल हादसे में सगे भाई-बहन की मौत हो गई।रेलवे ट्रैक पर पहुंची बकरियों को हटाने के दौरान 19 वर्षीय युवती ट्रेन की चपेट में आ गई।उसे बचाने के लिए दौड़ा उसका 17 वर्षीय भाई भी गंभीर रुप से घायल हो गया,जिसने गुरुवार सुबह इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।घटना से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।जानकारी के अनुसार,राजपुर गांव निवासी हीरामणि पाल की 19 वर्षीय पुत्री अन्नू पाल गांव के पास रेलवे लाइन किनारे बकरियां चरा रही थी।
इसी दौरान कुछ बकरियां रेलवे ट्रैक पर पहुंच गईं।अन्नू उन्हें हटाने का प्रयास कर रही थी कि वाराणसी से प्रयागराज की ओर जा रही तेज रफ्तार ट्रेन की चपेट में आ गई।टक्कर इतनी भीषण थी कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई।बहन को ट्रेन की चपेट में आते देख 17 वर्षीय टिंकू पाल उसे बचाने के लिए ट्रैक की ओर दौड़ा,लेकिन वह भी ट्रेन की चपेट में आकर गंभीर रुप से घायल हो गया।परिजन और ग्रामीण उसे तत्काल कछवा के एक निजी अस्पताल ले गए,जहां से उसकी हालत गंभीर होने पर उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया गया।गुरुवार सुबह उपचार के दौरान उसकी भी मौत हो गई।
घटना के बाद परिजन सदमे में आ गए। बताया जाता है कि पुलिस कार्रवाई की आशंका से वे अन्नू के शव को घर ले जाकर भूसा रखने वाले कमरे में रख दिए। सूचना मिलने पर पुलिस और जीआरपी मौके पर पहुंची, लेकिन घटनास्थल पर शव नहीं मिला। बाद में ग्रामीणों से जानकारी मिलने पर पुलिस परिवार के घर पहुंची और समझाने-बुझाने के बाद करीब तीन घंटे की मशक्कत के पश्चात शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की आवश्यक विधिक कार्रवाई में जुटी है। वहीं, एक ही परिवार के दो बच्चों की मौत से पूरे गांव में शोक का माहौल है।
Previous articleपातालगंगा नदी में बह गए 3 हजार एलपीजी सिलेंडर, प्रशासन ने जारी किया अलर्ट
Next articleजहरीले जन्तु के काटने से चार वर्षीय मासूम की मौत, परिवार में कोहराम
Tahalka24x7
तहलका24x7 की मुहिम... "सांसे हो रही है कम, आओ मिलकर पेड़ लगाएं हम" से जुड़े और पर्यावरण संतुलन के लिए एक पौधा अवश्य लगाएं..... ?