बारिश और तेज हवा से प्राथमिक विद्यालय की बाउंड्री गिरी,बड़ा हादसा टला
सुइथाकला, जौनपुर।
राजेश चौबे
तहलका 24×7
लगातार हो रही बारिश और तेज हवा के चलते शिक्षा सुइथाकला के प्राथमिक विद्यालय सलेमपुर की बाउंड्रीवॉल भरभराकर गिर गई।राहत की बात यह रही कि घटना अवकाश के दिन हुई,जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।यदि यह हादसा विद्यालय संचालन के दौरान होता तो बड़ा हादसा हो सकता था।

प्रभारी प्रधानाध्यापिका वंदना अग्रहरि ने बताया कि शनिवार तक विद्यालय की बाउंड्री सुरक्षित थी,हालांकि पुरानी होने के कारण वह पहले से जर्जर अवस्था में थी। रविवार को विद्यालय बंद था।सोमवार को विद्यालय पहुंचने पर दक्षिण दिशा की करीब 50 फीट लंबी और पांच फीट ऊंची बाउंड्री पूरी तरह गिरी मिली।प्रारंभिक तौर पर लगातार बारिश और तेज हवा को इसके पीछे प्रमुख कारण माना जा रहा है।

उन्होंने बताया कि विद्यालय भवन के कई कमरों की स्थिति भी चिंताजनक है।इसकी सूचना विभाग के उच्चाधिकारियों को दे दी गई है,ताकि जल्द मरम्मत कराई जा सके।बाउंड्री गिरने की सूचना पर ग्रामीण भी मौके पर पहुंचे।लोगों ने राहत जताई कि घटना अवकाश के दिन हुई,अन्यथा विद्यालय में मौजूद छात्र-छात्राओं की जान जोखिम में पड़ सकती थी।खंड शिक्षा अधिकारी आनंद प्रकाश सिंह ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में है और विद्यालय की बाउंड्री तथा भवन की स्थिति का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करते हुए शीघ्र समाधान कराया जाएगा।

















