बारिश से जर्जर दुकान का बारजा ढहा,बड़ा हादसा टला
खेतासराय, जौनपुर।
डॉ. सुरेश कुमार
तहलका 24×7
लगातार हो रही बारिश के चलते शनिवार शाम खेतासराय-खुटहन मुख्य मार्ग स्थित प्राचीन दुर्गा मंदिर के समीप एक जर्जर दुकान का बारजा अचानक भरभराकर गिर पड़ा।घटना के समय आसपास लोगों की मौजूदगी से अफरा तफरी मच गई,लेकिन संयोगवश कोई भी इसकी चपेट में नहीं आया।इससे एक बड़ा हादसा टल गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार,काफी समय से जर्जर अवस्था में खड़ी कृपाशंकर विश्वकर्मा की दुकान का बारजा बारिश के कारण कमजोर हो चुका था।शनिवार शाम अचानक तेज आवाज के साथ बारजा धराशायी हो गया।बारजा गिरते ही आसपास मौजूद लोगों ने भागकर अपनी जान बचाई।घटना के बाद कुछ समय के लिए मुख्य मार्ग पर आवागमन प्रभावित रहा।स्थानीय लोगों के सहयोग से मलबा हटाकर यातायात को सामान्य कराया गया।

सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए। राहत की बात यह रही कि दुर्घटना में कोई जनहानि या घायल होने की सूचना नहीं है।स्थानीय लोगों ने बताया कि दुकान लंबे समय से जर्जर स्थिति में थी।लगातार हो रही बारिश के कारण उसकी दीवारें और बारजा और अधिक कमजोर हो गए थे,जिसके चलते यह हादसा हुआ।लोगों ने प्रशासन से क्षेत्र में मौजूद अन्य जर्जर भवनों एवं दुकानों का सर्वे कराकर आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने की मांग की,ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।

















