बुढ़वा बाबा तालाब की जहरीली दुर्गंध से बिगड़ी पुजारी समेत दो की तबीयत

बुढ़वा बाबा तालाब की जहरीली दुर्गंध से बिगड़ी पुजारी समेत दो की तबीयत

# चेयरमैन की फटकार के बाद हरकत में आया पालिका प्रशासन

शाहगंज,जौनपुर। 
एखलाक खान 
तहलका 24×7
            बुढ़वा बाबा तालाब में कई दिनों से मरी पड़ी मछलियों से उठ रही भीषण दुर्गंध अब लोगों की सेहत पर भी भारी पड़ने लगी है।मंगलवार सुबह जहरीली बदबू की चपेट में आने से मंदिर के पुजारी समेत दो लोगों की तबीयत बिगड़ गई।दोनों को उल्टी,दस्त और पेट दर्द की शिकायत के बाद अस्पताल ले जाना पड़ा। घटना के बाद नगर पालिका प्रशासन की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
बताया गया कि चार दिन पहले ही श्रीराम जानकी मंदिर, बुढ़वा बाबा के पुजारी राजेश चौबे और सभासद राम प्रसाद मोदनवाल ने तालाब में बड़ी संख्या में मछलियों के मरने और फैल रही दुर्गंध की सूचना अधिशासी अधिकारी अंजनी मिश्रा को देकर तत्काल सफाई कराने की मांग की थी।आरोप है कि सफाई प्रभारी और लिपिक श्रीराम शुक्ला ने यह कहकर कार्रवाई से इनकार कर दिया कि तालाब नगर पालिका के कार्यक्षेत्र में नहीं आता।
इसके बाद मुख्यमंत्री शिकायत पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई गई,लेकिन आरोप है कि नगर पालिका ने केवल औपचारिक और अधूरी सफाई कर मामले को दबाने का प्रयास किया।इस लापरवाही से नाराज सभासदों ने सोमवार को धरना-प्रदर्शन कर अधिशासी अधिकारी और संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।मौके पर पहुंचे नायब तहसीलदार राहुल सिंह ने एक दिन के भीतर कार्रवाई का आश्वासन देकर धरना समाप्त कराया।
मंगलवार सुबह पुजारी राजेश चौबे और पड़ोसी सर्वेश मिश्रा की तबीयत बिगड़ने की सूचना मिलते ही सभासदों में फिर आक्रोश फैल गया।सूचना पर पहुंचे चेयरमैन प्रतिनिधि वीरेंद्र सिंह बंटी ने नगर पालिका के जिम्मेदार अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई।इसके बाद आनन-फानन में तालाब की सफाई का कार्य शुरु कराया गया।घटना से नाराज सभासदों ने जिला प्रशासन और जनप्रतिनिधियों को पूरे मामले से अवगत कराते हुए अधिशासी अधिकारी अंजनी मिश्रा तथा संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उनका आरोप है कि समय रहते सफाई कर दी जाती तो यह स्थिति पैदा नहीं होती।
नगर पालिका अध्यक्ष रचना सिंह ने कहा कि 24 जुलाई को ही तालाब में मछलियों के मरने की सूचना मिलने पर संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को तत्काल सफाई कराने के निर्देश दिए गए थे।इसके बावजूद सफाई न होना कर्मचारियों की गंभीर लापरवाही है। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की जांच कराई जाएगी और जो भी दोषी पाया जाएगा,उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।फिलहाल बुढ़वा बाबा तालाब क्षेत्र में फैली दुर्गंध को लेकर स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है और लोग प्रशासन से स्थायी समाधान की मांग कर रहे हैं।
Previous articleरामलला के गर्भगृह में लगेगा एसी, भीषण गर्मी से राहत की तैयारी शुरु
Next articleनीट परीक्षा में सफलता पर विशाल गुप्ता का विद्यालय में हुआ सम्मान
Tahalka24x7
तहलका24x7 की मुहिम... "सांसे हो रही है कम, आओ मिलकर पेड़ लगाएं हम" से जुड़े और पर्यावरण संतुलन के लिए एक पौधा अवश्य लगाएं..... ?