बेकाबू एक्सयूवी कार का कहर: अस्पताल के बाहर खड़ी तीन कारें और चार बाइक रौंदी,युवक की मौत
खेतासराय, जौनपुर।
डॉ. सुरेश कुमार
तहलका 24×7
शाहगंज-जौनपुर मार्ग पर गुरुवार दोपहर तेज रफ्तार एक्सयूवी कार ने गुरैनी बाजार स्थित एक निजी अस्पताल के बाहर भीषण हादसा कर दिया। बेकाबू वाहन ने सड़क किनारे खड़े कई वाहनों को रौंदते हुए बाइक पर बैठकर मोबाइल फोन पर बात कर रहे युवक को टक्कर मार दी।गंभीर रूप से घायल युवक की जिला अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई।हादसे में अस्पताल के बाहर खड़ी तीन कारें और चार बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गईं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जौनपुर से शाहगंज की ओर जा रही एक्सयूवी गुरैनी बाजार स्थित निजी अस्पताल के पास पहुंचते ही अनियंत्रित होकर दूसरी लेन में चली गई।इसके बाद वाहन ने अस्पताल के बाहर खड़े वाहनों को टक्कर मारते हुए सड़क किनारे बाइक पर बैठे युवक को अपनी चपेट में ले लिया।मृतक की पहचान करन (25) पुत्र गणेश निवासी ग्राम बधवा महादेव थाना बरदह जनपद आजमगढ़ के रुप में हुई।बताया गया कि करन अपनी बहन किरन का इलाज कराने अस्पताल आया था।

उसकी बहन अस्पताल के भीतर थी,जबकि करन बाहर बाइक पर बैठकर मोबाइल फोन पर बात कर रहा था। तभी तेज रफ्तार एक्सयूवी ने उसे टक्कर मार दी।
स्थानीय लोगों ने घायल करन को तत्काल जिला अस्पताल भेजा,लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल था।दुर्घटना में अस्पताल के बाहर खड़ी डॉक्टर की कार,अस्पताल प्रबंधक की कार, एक स्कॉर्पियो समेत तीन कार तथा चार बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं।

कई वाहनों के शीशे टूट गए और बॉडी को भारी नुकसान पहुंचा।हादसे के बाद कुछ समय तक शाहगंज-जौनपुर मार्ग पर यातायात भी प्रभावित रहा।सूचना पर पहुंची पुलिस ने चालक और दुर्घटनाग्रस्त एक्सयूवी को कब्जे में लेते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।थानाध्यक्ष प्रदीप सिंह ने बताया कि दुर्घटना में एक युवक की मृत्यु हुई है।वाहन और चालक को हिरासत में लेकर मामले की जांच की जा रही है।साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।स्थानीय लोगों ने इस मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों पर अंकुश लगाने के लिए स्पीड कंट्रोल के प्रभावी उपाय करने की मांग की है।


















