बैंक मैनेजर व कर्मचारियों पर लगाया धोखाधड़ी करने का आरोप
# पीड़ित युवक धोखाधड़ी की तहरीर लेकर पहुंचा सुरेरी थाने
सुरेरी। दीपक श्रीवास्तव तहलका 24×7 स्थानीय थाना क्षेत्र के परमालपुर गांव निवासी पंधारी गौतम पुत्र कालीचरण ने गुरुवार की दोपहर बड़ौदा यूपी बैंक शाखा भानपुर के बैंक मैनेजर व कर्मचारियों पर धोखाधड़ी कर किसान क्रेडिट कार्ड से रुपए गायब करने का आरोप लगाते हुए सुरेरी थाने पर लिखित तहरीर दी है। वहीं सुरेरी पुलिस ने तहरीर न लेकर पीड़ित युवक को बैंक के हेड ऑफिस जाने की नसीहत दी।
जानकारी के अनुसार एक साल पूर्व पंधारी ने बड़ौदा यूपी बैंक शाखा भानपुर से किसान क्रेडिट कार्ड पर लोन लिया था। जिस दौरान ₹141000 का लोन स्वीकृत हुआ था। आरोप है कि बैंक कर्मचारियों द्वारा युवक को ₹50000 दे दिया गया और यह कहा गया कि एक साल बाद शेष 91 हजार रुपये को आप निकाल पाएंगे। वहीं गुरुवार की दोपहर एक साल पश्चात जब पीड़ित युवक बैंक पहुंचकर शेष बचे हुए 91 हजार रुपये को निकालने के लिए बैंक कर्मचारियों के पास पहुंचा तो कर्मचारियों द्वारा यह कहा गया कि आपने अपना सभी पैसा निकाल लिया है।
पीड़ित का आरोप है कि बैंक मैनेजर व कर्मचारियों द्वारा यह बताया जा रहा है कि आपने 141000 का लोन लिया था, जिसे आपको जमा करना होगा। वहीं पीड़ित युवक ने बताया कि उसे केवल 50 हजार रुपये ही मिले हैं। पीड़ित को जब यह आभास हुआ कि उसके साथ धोखाधड़ी हो गई है तो वह धोखाधड़ी की लिखित तहरीर लेकर सुरेरी थाने पहुंचा, वहीं थानाध्यक्ष सुरेरी द्वारा पीड़ित युवक का तहरीर न लेते हुए उसे हेड आफिस जाने की नसीहत दे दी गई। इस संदर्भ में बड़ौदा यू पी बैंक शाखा भानपुर के मैनेजर मुकेश सिंह ने बताया कि मुझे मामले की जानकारी नही हैं।