भरत तिवारी एनकाउंटर मामले की जांच तेज,न्यायिक आयोग पहुंचा गांव,परिजनों से की मुलाकात
आरा/भोजपुर।
तहलका 24×7
भोजपुर जिले के चर्चित भरत तिवारी एनकाउंटर मामले में जांच प्रक्रिया तेज हो गई है।राज्य सरकार द्वारा गठित न्यायिक जांच आयोग के अध्यक्ष सेवानिवृत्त न्यायाधीश विनोद कुमार सिन्हा भोजपुर के बिलौटी गांव पहुंचे और मृतक भरत तिवारी के परिजनों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली।इस दौरान जिला प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।

आयोग ने परिजनों,ग्रामीणों और स्थानीय लोगों से बातचीत कर घटना से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी जुटाई।न्यायिक जांच टीम ने मौके की परिस्थितियों और घटना के संबंध में उपलब्ध तथ्यों का भी संज्ञान लिया।आयोग द्वारा जल्द ही संबंधित अधिकारियों और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान भी दर्ज किए जाने की संभावना है।उधर,इस मामले में पहली बार मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि सरकार ने निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए न्यायिक आयोग का गठन किया है।

उन्होंने कहा कि जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।घटना के सप्ताहभर बाद भोजपुर के पुलिस अधीक्षक मृतक के घर पहुंचे और परिजनों से मुलाकात की।एसपी ने परिवार को निष्पक्ष जांच और सुरक्षा का भरोसा दिया।इस दौरान परिजनों ने एनकाउंटर की परिस्थितियों पर सवाल उठाते हुए मामले की गहन जांच की मांग की।भरत तिवारी की मौत को लेकर राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है।

विपक्षी दल लगातार सरकार को घेर रहे हैं और पूरे मामले की पारदर्शी जांच की मांग कर रहे हैं।विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने भी परिजनों से मुलाकात कर न्याय दिलाने का आश्वासन दिया है।गौरतलब है कि 17 जून को पुलिस मुठभेड़ में भरत तिवारी की मौत हुई थी।घटना के बाद से ही परिजन और ग्रामीण एनकाउंटर पर सवाल उठा रहे हैं।मामले ने प्रदेशभर में राजनीतिक और सामाजिक बहस को जन्म दे दिया है।अब सभी की निगाहें न्यायिक जांच आयोग की रिपोर्ट पर टिकी हैं, जिससे मामले की वास्तविक तस्वीर सामने आने की उम्मीद है।


















