महिला की पत्थर से कूंचकर हत्या से हड़कंप, छत पर मिली खून से लथपथ लाश
आजमगढ़।
तहलका 24×7
जिले के तरवां थाना क्षेत्र के किशुनदासपुर में बुधवार की सुबह छत पर सो रही महिला की खून से लथपथ लाश मिलने से हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी होते ही गांव में सनसनी फैल गई। रात की ड्यूटी करके आए पति ने लाश देखकर पुलिस को बुला लिया। सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस जांच पड़ताल में जुटी रही।
बीती रात 55 वर्षीय राम दुलारी तिवारी प्रतिदिन की तरह अकेले छत पर सो रही थीं। उनके पति अगस्त तिवारी होमगार्ड हैं। वे रात की ड्यूटी करने के लिए गए थे। बुधवार की सुबह जब वह ड्यूटी से लौटे तो उन्होंने दरवाजा न खुलने पर आवाज लगाई। अंदर से कोई जवाब नहीं मिला तो वे बांस की सीढ़ी लगाकर छत पर पहुंचे, जहां रामदुलारी का रक्त रंजित शव देख दंग रह गए। मृतका के शरीर पर चोट के निशान और चारों तरफ खून फैला हुआ था। देखने से ऐसा प्रतीत हो रहा था कि उसने हमलावर के साथ जमकर मुकाबला किया था।
मृतका के सात बेटियां और एक बेटा है। इसमें पांच बेटियों की शादी हो चुकी है। घटना के समय दो बेटियां ननिहाल गई थीं और बेटा बाहर था। हत्या की सूचना मिलते ही सीओ लालगंज और एसओ तरवां मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई। घटना से परिवार में कोहराम मचा रहा।
















