यूपी बोर्ड: अब छात्र सुधार सकेंगे अपने नंबर,इम्प्रूवमेंट परीक्षा का नया प्रस्ताव
प्रयागराज।
तहलका 24×7
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद ने हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के छात्रों के हित में बड़ा कदम उठाया है।बोर्ड ने शासन को एक प्रस्ताव भेजा है, जिसमें छात्रों को इम्प्रूवमेंट परीक्षा देने की अनुमति देने की बात कही गई है।यदि इस प्रस्ताव को मंजूरी मिलती है,तो पास छात्र भी अपने कम अंकों को सुधारने के लिए दोबारा परीक्षा दे सकेंगे।

अब तक यूपी बोर्ड में केवल फेल छात्रों के लिए कम्पार्टमेंट परीक्षा की व्यवस्था थी,लेकिन नए प्रस्ताव के तहत पास छात्र भी एक या एक से अधिक विषयों में अपने अंक बेहतर कर सकेंगे।बोर्ड के इस कदम का उद्देश्य छात्रों को राष्ट्रीय स्तर के अन्य शिक्षा बोर्डों के बराबर अवसर देना है,ताकि वे प्रतियोगी परीक्षाओं और स्नातक पाठ्यक्रमों में बेहतर मेरिट हासिल कर सकें। कई बार बीमारी या अन्य कारणों से छात्र किसी एक-दो विषय में अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाते,ऐसे में यह व्यवस्था उनके लिए राहत साबित होगी।

नई प्रणाली के लागू होने से छात्रों की कुल प्रतिशत सुधारने का मौका मिलेगा।साल खराब होने से बचाव होगा।प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए बेहतर योग्यता बन सकेगी। मानसिक दबाव में कमी आएगी।बोर्ड की ओर से प्रस्ताव शासन को भेजा जा चुका है और शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी इसकी समीक्षा कर रहे हैं। संभावना है कि जल्द ही कैबिनेट से मंजूरी मिल सकती है और इसे आगामी शैक्षणिक सत्र से लागू कर दिया जाएगा।
















