रोजगार व श्रमिक अधिकारों की मांग को लेकर ब्लॉक मुख्यालय पर प्रदर्शन
पिंडरा,वाराणसी।
नितेश गुप्ता
तहलका 24×7
रोजगार की गारंटी,न्यूनतम मजदूरी और श्रमिकों के अधिकारों की मांग को लेकर गुरुवार को अखिल भारतीय खेत एवं ग्रामीण मजदूर सभा (खेग्रामस) तथा अखिल भारतीय प्रगतिशील महिला एसोसिएशन (ऐपवा) के संयुक्त तत्वावधान में ब्लॉक मुख्यालय पर धरना-प्रदर्शन किया गया।प्रदर्शन के उपरांत प्रतिनिधिमंडल ने खंड विकास अधिकारी देवेंद्र सिंह को छह सूत्रीय ज्ञापन सौंपकर मांगों के समाधान की मांग की।

धरने को संबोधित करते हुए खेग्रामस के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य अमरनाथ राजभर ने कहा कि वर्तमान श्रम नीतियों से मजदूरों के अधिकार प्रभावित हो रहे हैं।उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में वर्षभर रोजगार उपलब्ध कराने तथा श्रमिकों के लिए 700 रुपये प्रतिदिन न्यूनतम मजदूरी सुनिश्चित करने की मांग उठाई।ऐपवा की प्रदेश सचिव कुसुम वर्मा ने महिलाओं के रोजगार और सामाजिक सुरक्षा के मुद्दे को प्रमुखता से उठाया।

उन्होंने कहा कि गरीब महिलाओं को माइक्रो फाइनेंस कंपनियों के कर्ज के दबाव से राहत दी जाए,पुराने ऋण माफ किए जाएं तथा स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से एक प्रतिशत ब्याज दर पर ऋण उपलब्ध कराया जाए।
धरने में मनरेगा मजदूर यूनियन की विद्या,रसोइया संघ की दुर्गावती,रिहाना,मुन्नी और मीरा,निर्माण मजदूर संगठन के जवाहर राजभर,पवन चौबे समेत बड़ी संख्या में श्रमिकों और महिलाओं ने भाग लिया।

कार्यक्रम का संचालन ऑल इंडिया ट्रेड यूनियन के जिला कार्यकारिणी सदस्य ओमप्रकाश राजभर ने किया।प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और व्यापक रुप दिया जाएगा।


















