‘लूटेरी दुल्हन’ का खेल: शादी के झांसे में फंसाकर 1 लाख रुपए, मोबाइल व बैग लूटकर फरार

‘लूटेरी दुल्हन’का खेल: शादी के झांसे में फंसाकर 1 लाख रुपए, मोबाइल व बैग लूटकर फरार

जौनपुर।
गुलाम साबिर 
तहलका 24×7 
              शादी के नाम पर ठगी और लूट का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है।आरोप है कि एक युवती ने अपने साथियों के साथ मिलकर विवाह का झांसा देकर आए युवक और उसके परिजनों से करीब एक लाख रुपये नगद,मोबाइल फोन और सामान से भरा बैग लूट लिया और फरार हो गई।घटना लाइन बाजार थाना क्षेत्र में शाहगंज हाईवे किनारे कमला नेहरू इंटर कॉलेज के पास शनिवार देर शाम हुई।पीड़ित पक्ष का आरोप है कि शिकायत के बावजूद पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की।
पीड़ित बांदा निवासी रवि द्विवेदी के अनुसार कुछ माह पूर्व उनकी मुलाकात सोशल मीडिया के जरिए जौनपुर की एक युवती (बिचौलिया) से हुई थी।बातचीत के दौरान उसने रवि के साले रीवा निवासी आनंद पाण्डेय के लिए रिश्ता तय कराने की बात कही और जौनपुर बुलाया।17 अप्रैल को रवि अपने साले और एक रिश्तेदार के साथ बदलापुर पहुंचे,जहां एक मिठाई की दुकान पर कथित दुल्हन और उसके परिजनों से मुलाकात कराई गई।पहचान के लिए आधार कार्ड भी दिखाया गया और अगले दिन कोर्ट मैरिज तय हुई।
18 अप्रैल को युवती ने कोर्ट मैरिज के नाम पर कागजात तैयार करवाए और सभी को शहर के लोहिया पार्क के पास ले जाया गया।वहां एक व्यक्ति ने खुद को वकील बताकर दस्तावेजों पर हस्ताक्षर कराए।इसके बाद बिचौलिया ने लड़की पक्ष की गरीबी का हवाला देकर 80 हजार रुपये दिलवा दिए।आरोप है कि रुपये लेने के बाद युवती ने बहाना बनाकर सभी को ऑटो से शाहगंज हाईवे के पास एक सुनसान स्थान पर ले गई,जहां पहले से 5-6 लोग मौजूद थे।इन लोगों ने पीड़ितों को धमकाकर नगदी,मोबाइल और बैग छीन लिया और फरार हो गए।
घटना के बाद पीड़ित पक्ष शीतला चौकियां चौकी पहुंचा,आरोप है कि वहां शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं हुई।इस संबंध में चौकी प्रभारी राम प्रकाश यादव ने कहा कि उन्हें मामले की जानकारी नहीं है और कोई लिखित शिकायत भी नहीं मिली है।फिलहाल यह मामला पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि मामला केवल लूट का है या इसके पीछे शादी के नाम पर कोई बड़ा गिरोह सक्रिय है। पुलिस जांच के बाद ही सच्चाई सामने आ सकेगी।
Previous articleदिनदहाड़े ज्वेलरी शॉप में डकैती, 5 मिनट में 20 लाख के गहने लूटे
Next articleनशेड़ी पिता ने मासूम बेटी संग किया दुष्कर्म, गिरफ्तार 
Tahalka24x7
तहलका24x7 की मुहिम... "सांसे हो रही है कम, आओ मिलकर पेड़ लगाएं हम" से जुड़े और पर्यावरण संतुलन के लिए एक पौधा अवश्य लगाएं..... ?