वाराणसी के संतोष ने दिल्ली के राणा पहलवान को चटाई धूल
# कुकड़ीपुर में आयोजित हुआ प्रसिद्ध दंगल, 155 जोड़ी पहलवानों ने की जोर आजमाइश
जौनपुर।
विश्व प्रकाश श्रीवास्तव
तहलका 24×7
सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के कुकड़ीपुर के दंगल प्रतियोगिता मे वाराणसी सारनाथ के संतोष पहलवान ने दिल्ली के राणा पहलवान को चित कर धूल चटा दी। आयोजित कुश्ती प्रतियोगिता में कुल 155 जोड़ी पहलवानों ने जोर अजमाइश करते हुए अपने कौशल का प्रदर्शन किया। कुश्ती प्रतियोगिता में भारी भीड़ जमी रहे। जिसे बारिश की फुहारों ने भी नहीं तोड़ पाई।

शिव मंदिर परिसर के मैदान में कुश्ती का उद्घघाटन सपा के वरिष्ठ नेता लालचंद यादव लाले व विवेक यादव ने पहलवानों का हाथ मिला कर किया। जिसमें 155 जोड़ी पहलवान सुबह से लेकर शाम 5 बजे तक अपने कौशल का प्रदर्शन किया। जिसमें मिर्जापुर के संदीप पहलवान ने वाराणसी के आशीष कुमार को पटखनी दी। शीतला चौकिया जौनपुर के धर्मेंद्र ने सुल्तानपुर के पप्पू पहलवान को चारों खाने चित किया। बनारस के भरत कुमार ने कैमूर बिहार के दिलावर पहलवान को धूल चटा दी। जौनपुर के निगम पहलवान ने मेरठ के राहुल कुमार को आसमान दिखाया। बनारस के सुनील कुमार ने मिर्जापुर के योगेंद्र पहलवान को चित किया। जौनपुर चौकिया के किशन कुमार ने बनारस के रामेश्वर को जमीन सुंघा दी। भदोही स्टेडियम के मोनू मुंशी व सुनील पहलवान जौनपुर केराकत की जोड़ी रोमांचक रही, जिसमें सुनील ने कड़े मुकाबले में मोनू को चित किया।


















