विक्षिप्त महिला से सामूहिक दुष्कर्म के तीन आरोपी गिरफ्तार
खुटहन, जौनपुर।
मुलायम सोनी
तहलका 24×7
क्षेत्र के एक गांव में सप्ताह पूर्व अर्धविक्षिप्त विवाहिता के साथ सामूहिक दुष्कर्म के तीन आरोपितों को मंगलवार की भोर में पुलिस ने त्रिकौलिया गांव के मोड़ से गिरफ्तार किया। आवश्यक कार्रवाई के बाद चलान न्यायालय भेज दिया।गांव निवासी विवाहिता के पति ने तहरीर देकर आरोप लगाया था कि गत 16 जुलाई की शाम उसकी विक्षिप्त पत्नी घर से कहीं चली गई। जिसकी खोजबीन की जा रही थी।इसी बीच तेज बारिश शुरु हो गई।

आधी रात के बाद पत्नी घर लौट कर आई तो उसके कपड़े अस्त व्यस्त और फटे हुए थे। उसने इशारों में आपबीती बताई। घटना की सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक जय प्रकाश यादव हमराहियों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे तो वहां एक बाइक बरामद किया। जिसके आधार पर आरोपितों की तलाश शुरु की गई। उधर महिला को पुलिस अभिरक्षा में मेडिकल मुआयना के लिए भेज दिया गया। महिला का बयान स्पष्ट न हो पाने के चलते पुलिस ने प्रथम दृष्टया इसे छेड़खानी का मामला समझ मुकदमा दर्ज कर लिया।

मेडिकल रिपोर्ट में बलात्कार की पुष्टि होने पर पुलिस ने मुकदमें में सामूहिक दुष्कर्म की धारा जोड़ कर आरोपितों की तलाश शुरु कर दी। वहीं मुखबिर से सूचना मिली कि तीनों आरोपित उक्त गांव के मोड़ पर मौजूद हैं। जो कहीं भागने के फिराक में है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घेराबंदी कर तीनों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार दो आरोपी पटैला गांव निवासी मेराज उर्फ बब्लू व आरिफ और तीसरा सरपतहा थाना क्षेत्र के मदारपुर गांव निवासी मोहम्मद फिरोज के नाम से पहचान की गई।















