विधायक निवास की 7वीं मंजिल से गिरकर पूर्व मंत्री नानकदीन भुरजी की मौत,जांच में जुटी पुलिस
लखनऊ।
विजय आनंद वर्मा
तहलका 24×7
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में मंगलवार को एक सनसनीखेज घटना में भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व राज्यमंत्री नानकदीन भुरजी की नए विधायक निवास की सातवीं मंजिल से गिरने के बाद मौत हो गई। घटना से राजनीतिक गलियारों में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में समर्थक तथा परिजन अस्पताल पहुंच गए।

जानकारी के अनुसार घटना नए विधायक निवास परिसर में हुई।गंभीर रुप से घायल नानकदीन भुरजी को तत्काल अस्पताल ले जाया गया,लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।प्रारंभिक जांच में घटना के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं।पुलिस सभी पहलुओं दुर्घटना,आत्महत्या अथवा किसी अन्य कारण को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

घटनास्थल के साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
नानकदीन भुरजी भाजपा के पिछड़ा वर्ग मोर्चा से जुड़े थे और प्रदेश सरकार में राज्यमंत्री रह चुके थे।उनके निधन की सूचना मिलते ही राजनीतिक दलों के नेताओं और समर्थकों ने गहरा शोक व्यक्त किया।


















