शिवकुमार हत्याकांड को लेकर आक्रोश,ब्राह्मण विकास परिषद ने की सख्त कार्रवाई की मांग
गोरखपुर।
तहलका 24×7
जिले के सिकरीगंज थाना क्षेत्र के अहिरौली खुर्द गांव में बिजली विभाग के ठेकेदार शिवकुमार तिवारी की दिनदहाड़े हुई हत्या को लेकर आक्रोश बढ़ता जा रहा है।घटना की निंदा करते हुए ब्राह्मण विकास परिषद मऊ ने शासन-प्रशासन से आरोपितों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है।परिषद के मीडिया प्रभारी व अधिवक्ता सतीश पांडेय ने कहा कि सार्वजनिक स्थान पर हुई इस निर्मम हत्या ने कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।

उन्होंने मांग की कि हत्याकांड में शामिल सभी आरोपितों को शीघ्र गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए।साथ ही षड्यंत्र में शामिल लोगों पर भी नियमानुसार कठोर धाराओं में कार्रवाई की जाए। परिषद ने मृतक के परिवार को 50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने तथा परिवार की सुरक्षा के लिए 24 घंटे सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराने की मांग उठाई है।संगठन का कहना है कि मृतक के पुत्र,जो पेशे से अधिवक्ता हैं,समेत अन्य परिजनों को सुरक्षा उपलब्ध कराना जरूरी है।

अधिवक्ता सतीश कुमार पांडेय ने कहा कि शिवकुमार तिवारी की हत्या अत्यंत हृदयविदारक और निंदनीय है। पीड़ित परिवार को न्याय दिलाना संगठन की प्राथमिकता है।उन्होंने चेतावनी दी कि यदि आरोपितों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई नहीं हुई और पीड़ित परिवार को पर्याप्त सुरक्षा एवं सहायता नहीं मिली तो संगठन आंदोलन करने को बाध्य होगा।फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

















