सड़क खराब होने से बंद हुई फैक्ट्री, नाराज कर्मचारियों और मजदूरों ने किया प्रदर्शन

सड़क खराब होने से बंद हुई फैक्ट्री, नाराज कर्मचारियों और मजदूरों ने किया प्रदर्शन

# एग्रो पार्क की जर्जर सड़क और जलभराव से बढ़ी परेशानी, यूपीएसआईडीसी कार्यालय में तालाबंदी की चेतावनी

पिंडरा,वाराणसी। 
नितेश गुप्ता 
तहलका 24×7
               करखियांव स्थित एग्रो पार्क परिसर की लेन नंबर छह और सात की जर्जर सड़क एवं जलभराव से नाराज सैकड़ों कर्मचारियों और मजदूरों ने सोमवार को यूपीएसआईडीसी के क्षेत्रीय कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन किया।प्रदर्शनकारियों ने तत्काल सड़क की मरम्मत और जलभराव की समस्या दूर करने की मांग की।चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो कार्यालय में तालाबंदी करने को मजबूर होंगे।
करीब एक घंटे तक चले प्रदर्शन के बाद अधिकारियों के आश्वासन पर कर्मचारी और मजदूर शांत हुए।बताया गया कि लेन नंबर छह और सात में सीवर लाइन ध्वस्त होने के कारण बारिश के दौरान जलभराव हो जाता है। पानी निकासी की व्यवस्था नहीं होने से सड़क जगह-जगह गड्ढों में तब्दील हो गई है।इस लेन पर करीब आधा दर्जन फैक्ट्रियां संचालित हैं,जहां एक हजार से अधिक मजदूर और कर्मचारी प्रतिदिन आते-जाते हैं।पिछले दो दिनों से अत्यधिक जलभराव और सड़क धंसने के कारण कर्मचारियों का फैक्ट्रियों तक पहुंचना मुश्किल हो गया है।
रास्ता खराब होने और कच्चा माल फैक्ट्री तक नहीं पहुंच पाने के कारण शीतल पेय एवं बोतलबंद पानी बनाने वाली नेचर फ्रेश कंपनी का उत्पादन भी प्रभावित होकर बंद हो गया।इससे नाराज सैकड़ों कर्मचारी एग्रो पार्क परिसर स्थित यूपीएसआईडीसी कार्यालय पहुंचे और जमकर नारेबाजी की।धरना दे रहे मजदूर रवि,दिनेश और सुमित ने बताया कि जर्जर सड़क के कारण आए दिन बाइक और साइकिल सवार गिरकर घायल हो रहे हैं।महिला मजदूरों के लिए भी फैक्ट्री तक पहुंचना बेहद मुश्किल हो गया है।
उनका कहना था कि यह सड़क करीब दो वर्षों से खस्ताहाल है।काम पर नहीं पहुंच पाने के कारण मजदूरों को मजदूरी का नुकसान भी उठाना पड़ रहा है।यदि जल्द सड़क की स्थिति नहीं सुधरी तो आने वाले दिनों में अन्य फैक्ट्रियां भी बंद होने के कगार पर पहुंच सकती हैं।
वहीं लेन में संचालित फैक्ट्रियों के मालिक राजेश अग्रवाल,राय अक्षय कुमार और कौस्तुभ अग्रवाल ने बताया कि सड़क और जलभराव की समस्या को लेकर पिछले दो वर्षों से यूपीएसआईडीसी के अधिकारियों के साथ ही मुख्यमंत्री पोर्टल पर भी शिकायत की जा रही है,लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हुआ। स्थिति यह हो गई कि खराब रास्ते के कारण फैक्ट्री का संचालन ही प्रभावित हो गया है।इस संबंध में क्षेत्रीय प्रबंधक एसएम पटेल से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका फोन नहीं उठा।
Previous articleबड़ागांव पुलिया के पास मिला सिर कटा गोवंश, ग्रामीणों में आक्रोश
Next articleड्यूटी के दौरान वनरक्षक की मौत, संदिग्ध हालत में सड़क किनारे खून से लथपथ मिला शव
Tahalka24x7
तहलका24x7 की मुहिम... "सांसे हो रही है कम, आओ मिलकर पेड़ लगाएं हम" से जुड़े और पर्यावरण संतुलन के लिए एक पौधा अवश्य लगाएं..... ?