सड़क हादसों में महिला की मौत, 6 घायल
शाहगंज, जौनपुर।
विजय यादव
तहलका 24×7
अलग अलग स्थानों पर बुधवार को हुई सड़क दुर्घटनाओं में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, छह लोग गम्भीर रुप से घायल हो गए, जिसमें दो युवकों की हालत नाजुक बनी है।अम्बेडकर नगर जनपद के अखंडनगर थानान्तर्गत कलान गांव निवासी लाल बहादुर अपनी पत्नी सुषमा और बेटे आनंद कुमार को बाइक से लेकर रिश्तेदार के घर वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे।

नगर से सटे आजमगढ़ जिले के पवई थानान्तर्गत सरायपुल गांव के पहुंचे जहां पीछे से आई तेज रफ्तार वैगनआर कार ने बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। जिसमें तीनों लोग गम्भीर रुप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र लाया गया। जहां चिकित्सक ने पत्नी सुषमा को मृत घोषित कर दिया। वहीं लाल बहादुर व बेटे आनंद का उपचार अयोध्या मार्ग स्थित निजी अस्पताल में चल रहा है।

वहीं नगर के जौनपुर मार्ग स्थित एराकियाना मोहल्ले के समीप पिकअप वाहन की चपेट में आए बाइक सवार सबरहद गांव निवासी मो. उमर (24) पुत्र खुर्शीद व चचेरा भाई अब्दुर्रहमान (21) पुत्र जावेद आलम गम्भीर रुप से घायल हो गए। दोनों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जिसमें मो. उमर की हालत नाजुक बताई जा रही है।

दूसरी ओर खेतासराय थाना क्षेत्र के गोरारी खलीलपुर गांव निवासी रवि (22) पुत्र रमेश अपनी पल्सर बाइक से शाहगंज की ओर आ रहा था, इमरानगंज बाजार स्थित पुलिस चौकी के सामने पीछे से आए बाइक सवार विनय मिश्रा ने टक्कर मार दिया। जिसमें दोनों गम्भीर रुप से घायल हो गए। घायलों को निजी अस्पताल में भरती कराया गया। जिसमें रवि की हालत गम्भीर बताई जा रही है।
















