सप्ताहभर से ट्रांसफार्मर जला, अंधेरे में डूबा जैगहा बाजार

सप्ताहभर से ट्रांसफार्मर जला, अंधेरे में डूबा जैगहा बाजार

खेतासराय,जौनपुर। 
डॉ. सुरेश कुमार 
तहलका 24×7 
             क्षेत्र के जैगहा बाजार में पिछले एक सप्ताह से बिजली आपूर्ति ठप होने से व्यापारियों और स्थानीय उपभोक्ताओं की परेशानी बढ़ गई है।बाजार में लगा 100 केवीए का ट्रांसफार्मर जल जाने के कारण पूरा बाजार अंधेरे में डूबा हुआ है।भीषण गर्मी के बीच बिजली न मिलने से जनजीवन प्रभावित होने के साथ कारोबार भी बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।
जानकारी के अनुसार बाजार में स्थापित 100 केवीए क्षमता का ट्रांसफार्मर जल गया,उक्त ट्रांसफार्मर से जुड़े दर्जनों उपभोक्ता बिजली संकट झेल रहे हैं।शाम होते ही बाजार में अंधेरा छा जाता है,जिससे ग्राहकों की आवाजाही कम हो गई है और दुकानदारों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।प्रधान इमरती भंडार के संचालक ज्ञानचंद मोदनवाल ने बताया कि बिजली न होने से दुकान में अंधेरा रहता है और कोल्ड ड्रिंक व अन्य पेय पदार्थ ठंडे नहीं हो पा रहे हैं।
इससे बिक्री पर सीधा असर पड़ा है।वहीं सीधा निवासी सहाब साकिब ने कहा कि ट्रांसफार्मर जलने के बाद से पूरे बाजार क्षेत्र में अंधेरा छाया रहता है,जिससे आम लोगों को भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।व्यापारियों का आरोप है कि ट्रांसफार्मर खराब होने की सूचना तत्काल विद्युत विभाग को दे दी गई थी, लेकिन एक सप्ताह बीतने के बाद समस्या का समाधान नहीं हो सका।इससे लोगों में विभाग के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है।
व्यापारियों ने जल्द बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांग की है।इस संबंध में विद्युत विभाग के अवर अभियंता संजय प्रजापति ने बताया कि क्षेत्र में बिजली कनेक्शन की संख्या बढ़ने से पुराना 100 केवीए ट्रांसफार्मर ओवरलोड होकर जल गया था।उपभोक्ताओं की बढ़ती जरुरत को देखते हुए अब वहां 100 केवीए के स्थान पर 250 केवीए क्षमता का नया ट्रांसफार्मर लगाया जा रहा है।उन्होंने बताया कि अधिक क्षमता का ट्रांसफार्मर उपलब्ध कराने में कुछ विलंब हुआ,लेकिन बुधवार शाम तक नया ट्रांसफार्मर स्थापित कर बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।
Previous articleस्वास्थ्य शिविर में 159 लोगों की जांच, 21 टीबी के संदिग्ध मिले
Tahalka24x7
तहलका24x7 की मुहिम... "सांसे हो रही है कम, आओ मिलकर पेड़ लगाएं हम" से जुड़े और पर्यावरण संतुलन के लिए एक पौधा अवश्य लगाएं..... ?