समाधान दिवस की गुहार बेअसर, नहीं हटा मौत को दावत देता तार
# किसान की भूमिधरी में पखवाड़ेभर से लटका है एलटी लाइन का तार,हादसे की आशंका बरकरार
सुइथाकला, जौनपुर।
राजेश चौबे
तहलका 24×7
समाधान दिवस में जिलाधिकारी से शिकायत के बावजूद सलेमपुर गांव में किसान की भूमिधरी में लटक रहा एलटी लाइन का तार अब तक नहीं हटाया गया।जमीन से मात्र पांच-छह फुट की ऊंचाई पर लटक रहे इस तार से किसान और ग्रामीणों में दुर्घटना की आशंका बनी हुई है।गुड़बड़ी फीडर के अंतर्गत सलेमपुर गांव निवासी किसान महेन्द्र शर्मा ने बताया कि उनके खेत से गुजर रही एलटी लाइन का तार काफी नीचे लटक गया है।

इससे खेती-किसानी के कार्यों के साथ खेत तक आने-जाने में भी दिक्कत हो रही है।स्थानीय स्तर पर कई बार शिकायत करने के बाद भी कार्रवाई नहीं हुई तो उन्होंने 7 जून को आयोजित तहसील दिवस में जिलाधिकारी को लिखित प्रार्थना पत्र देकर समस्या के समाधान की मांग की थी।किसान का आरोप है कि शिकायत के लगभग एक पखवाड़े बाद भी बिजली विभाग की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई।उन्होंने कहा कि रोजाना खेत में जाते समय जान जोखिम में रहती है।

बरसात शुरु होने पर तार और नीचे झुक सकता है, जिससे बड़ा हादसा होने की आशंका बढ़ गई है।साथ ही खरीफ की बुआई के लिए जुताई समेत अन्य कृषि कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं।चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही तार नहीं हटाया गया और कोई दुर्घटना हुई तो इसकी पूरी जिम्मेदारी बिजली विभाग की होगी।उन्होंने उच्चाधिकारियों से तत्काल हस्तक्षेप कर समस्या का समाधान कराने की मांग की है।इस संबंध में अवर अभियंता बलदाऊ यादव ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में है।ओवरलोड कार्य और स्टाफ की कमी के कारण देरी हो रही है।जल्द ही आवश्यक कार्रवाई कर तार को ठीक करा दिया जाएगा।


















