सहारा शहर की 245 एकड़ जमीन पर बनेगा नया विधान भवन, एलडीए ने जारी किया टेंडर
लखनऊ।
विजय आनंद वर्मा
तहलका 24×7
राजधानी लखनऊ के गोमती नगर स्थित सहारा शहर की करीब 245 एकड़ जमीन पर नया विधानभवन,सचिवालय और मुख्यमंत्री आवास बनाए जाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है।लखनऊ डेवलपमेंट अथॉरिटी (LDA) ने इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए डिजाइन और प्लानिंग तैयार करने हेतु कंसल्टेंट व आर्किटेक्ट चयन का टेंडर जारी कर दिया है।

एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के अनुसार,इच्छुक कंपनियां 23 मई से 21 जून तक आवेदन कर सकेंगी। कंसल्टेंट के चयन के बाद परियोजना की विस्तृत कार्य योजना तैयार की जाएगी और निर्माण की कुल लागत तय होगी।बताया गया कि प्रस्तावित 245 एकड़ जमीन में लगभग 170 एकड़ भूमि नगर निगम तथा 75 एकड़ भूमि एलडीए के स्वामित्व में है।

यह वही जमीन है जिसे वर्ष 1994 में नगर निगम ने सहारा इंडिया परिवार को 30 वर्ष की लीज पर दिया था।पिछले वर्ष लीज अवधि समाप्त होने और शर्तों के उल्लंघन के बाद नगर निगम एवं एलडीए ने जमीन को वापस अपने कब्जे में ले लिया था।सरकार की इस नई योजना को प्रदेश की प्रशासनिक व्यवस्था के आधुनिकीकरण की दिशा में एक अहम पहल माना जा रहा है।


















