सोनिया गांधी के बचाव में उतरीं बेटी प्रियंका
# राष्ट्रपति का करती हैं सम्मान, तोड़-मरोड़ कर पेश किया गया बयान : प्रियंका गांधी वाड्रा
नई दिल्ली।
तहलका 24×7 राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के अभिभाषण के बाद सोनिया गांधी के बयान को लेकर नई बहस छिड़ गई हैं। एक तरफ भारतीय जनता पार्टी सोनिया गांधी से माफी की मांग कर रही है, तो वहीं कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी अब सोनिया गांधी के बचाव में उतर गई हैं।प्रियंका गांधी ने भाजपा के हमले पर पलटवार करते हुए कहा कि उनकी मां राष्ट्रपति का बहुत सम्मान करती हैं।

उनकी बातों को तोड़-मरोड़कर पेश किया गया है। प्रियंका गांधी ने यह भी कहा कि सोनिया गांधी की टिप्पणी को लेकर माफी की मांग करने वाली भाजपा को पहले “देश को डुबोने” के लिए माफी मांगनी चाहिए।दरअसल, कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के अभिभाषण के बाद कहा कि वह अपने संबोधन के आखिर तक थक गई थीं और बहुत मुश्किल से बोल पा रही थीं।

वहीं भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष जेपी नड्डा ने सोनिया गांधी की टिप्पणी की निंदा की। उन्होंने मांग की कि वह राष्ट्रपति और भारत के आदिवासी समुदायों से बिना शर्त माफी मांगें। प्रियंका गांधी ने संसद परिसर में संवाददाताओं से कहा मेरी मां 78 साल की एक बुजुर्ग महिला हैं। उन्होंने सिर्फ यह कहा कि राष्ट्रपति इतना लंबा भाषण पढ़कर थक गई होंगी। वह महिलाओं का बहुत सम्मान करती हैं।

















