अंबेडकरनगर : फर्जी आधार बनाकर जमीन हड़पने में आठ के खिलाफ मुकदमा दर्ज
बसखारी।
रवि धौरवी
तहलका 24×7
थाना क्षेत्र हंसवर के भगवानपुर मूसेपुर गांव में कूटरचित ढंग से किशोर का आधार कार्ड बनवाकर उसके नाम दर्ज भूमि का दो लोगों को बैनामा करने का मामला सामने आया है। किशोर की मां की तहरीर पर पुलिस ने जनसेवा केंद्र संचालक समेत दो क्रेता, चार गवाह समेत कुल आठ आरोपियों के विरुद्ध धोखाधड़ी सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है।

थाने में तहरीर देकर संगीता देवी ने बताया है कि उनके पति श्यामप्रकाश की 2012 में मौत हो गई। उनके नाम दर्ज चल-अचल संपत्ति उनके नाम के अलावा दो नाबालिग बेटों के नाम आ गई। कुछ समय पहले गांव निवासी प्रद्युम्न मौर्य व अभिमन्यु मौर्य ने उसके पुत्र नीरज को पहले नशे का आदी बना दिया। इसके बाद नीरज के नाम का फर्जी आधार कार्ड बनाकर उसके नाम दर्ज दो बिस्वा भूमि को 11 जुलाई को सुषमा देवी निवासी चक कटोखर को व 25 जुलाई को शीला देवी निवासी मेहंदीघाट के नाम पर भूमि का नौ बिस्वा बैनामा करा दिया। इसकी जानकारी उसे काफी दिनों बाद हो सकी।

थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि महिला की तहरीर पर भूमि बैनामा करने के नाम पर लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने वाले कुल आठ आरोपियों के विरुद्ध केस दर्ज किया गया है। इनमें दो क्रेता, चार गवाह, एक जनसेवा केंद्र संचालक सहित कुल आठ आरोपी शामिल हैं।
















