अधिवक्ताओं को जल्द मिलेगी कैशलेस इलाज की सुविधा,सीएम योगी ने किया ऐलान
गोरखपुर।
तहलका 24×7
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के अधिवक्ताओं को जल्द ही कैशलेस इलाज की सुविधा उपलब्ध कराने का भरोसा दिया है।उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इस दिशा में तेजी से कार्य कर रही है और शीघ्र ही आवश्यक व्यवस्था लागू की जाएगी, ताकि अधिवक्ताओं को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।

गोरखपुर सिविल कोर्ट बार एसोसिएशन की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी के परिचय समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि अधिवक्ता केवल मुकदमों की पैरवी करने वाले पेशेवर नहीं हैं, बल्कि वे संविधान की मूल भावना के संवाहक और नागरिकों के विश्वास के प्रतीक हैं।न्यायपालिका और आमजन के बीच विश्वास बनाए रखने में अधिवक्ताओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।सीएम योगी ने कहा कि सरकार अधिवक्ताओं के कल्याण के लिए लगातार कार्य कर रही है।

कैशलेस चिकित्सा सुविधा शुरु होने से अधिवक्ताओं और उनके परिवारों को गंभीर बीमारी या आपात स्थिति में आर्थिक बोझ से राहत मिलेगी।उन्होंने अधिवक्ताओं से देश और समाज के खिलाफ होने वाली साजिशों के प्रति सतर्क रहने का आह्वान करते हुए कहा कि लोकतंत्र और न्याय व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने में उनकी जिम्मेदारी अहम है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में कानून का राज स्थापित हुआ है और अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के कारण प्रदेश की कानून-व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार हुआ है।बेहतर सुरक्षा व्यवस्था के चलते प्रदेश की छवि राष्ट्रीय स्तर पर सकारात्मक बनी है,जिससे निवेश और विकास को भी गति मिली है। कार्यक्रम में बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया और अधिवक्ताओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की।मुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया कि सरकार अधिवक्ताओं के हितों की रक्षा और उनके कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है।


















