अनियंत्रित बाइक पेड़ से टकराई, युवक की मौत
पिंडरा, वाराणसी।
नितेश गुप्ता
तहलका 24×7
क्षेत्र के थाना गांव के पास रविवार की देर रात सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी मामूली रुप से घायल हो गया। हादसा उस समय हुआ, जब बाइक मोड़ पर अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराई।जानकारी के अनुसार असिला पिंडरा निवासी शिवशंकर उर्फ बाढू गौड़ का 25 वर्षीय पुत्र चंदन कश्यप अपने दोस्त रवि सेठ (28) निवासी मीराशाह के साथ देर रात कठिरांव से बाइक से घर लौट रहा था।

जैसे ही वे थाना गांव के सामने मोड़ पर पहुंचे बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे शीशम के पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक चला रहा चंदन गंभीर रुप से घायल हो गया, जबकि पीछे बैठे रवि सिंह को हल्की चोटें आईं।

बताया गया कि दोनों ने हेलमेट नहीं पहन रखा था, जिससे चंदन के सिर से रक्तस्राव होने लगा।घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे।जहां चिकित्सकों ने चंदन की हालत नाजुक देखते हुए उसे बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। उपचार के दौरान चंदन ने दम तोड़ दिया। साथी रवि सिंह का प्राथमिक उपचार किया गया।

परिजनों के अनुसार चंदन कश्यप मुंबई में रहकर प्राइवेट नौकरी करता था जो कुछ दिन पहले घर आया था। वह दो भाइयों में छोटा था। उसके पिता तहसील परिसर में चाय की दुकान लगाते हैं। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।मां लालमनी का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि गांव में शोक की लहर दौड़ गई। उपनिरीक्षक रवि सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।

















