अयोध्या में आस्था से खिलवाड़, भाजपा को न चंदा मिलेगा,न दान और न वोट: अखिलेश यादव
# सपा प्रमुख ने राम मंदिर चढ़ावा प्रकरण,भ्रष्टाचार और कानून-व्यवस्था पर भाजपा सरकार को घेरा
लखनऊ।
विजय आनंद वर्मा
तहलका 24×7
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने अयोध्या और राम मंदिर को लेकर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। लखनऊ स्थित सपा कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने कहा कि राम मंदिर में चढ़ावे की चोरी की चर्चा अब गांव-गांव और घर-घर पहुंच चुकी है।भाजपा ने प्रभु श्रीराम और संविधान दोनों के साथ विश्वासघात किया है,इसलिए जनता अब भाजपा को न चंदा देगी,न दान और न वोट।

अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि अयोध्या में जमीन अधिग्रहण,मुआवजा वितरण और सड़क चौड़ीकरण के दौरान किसानों,व्यापारियों और आम लोगों के साथ अन्याय हुआ।उन्होंने कहा कि प्रदेश में भ्रष्टाचार चरम पर है और थानों में भाजपा के इशारे पर काम हो रहा है, जिससे लोगों को न्याय नहीं मिल पा रहा।सपा प्रमुख ने एक्सप्रेस-वे निर्माण की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाए और किसानों को डीएपी व यूरिया की कमी का मुद्दा उठाते हुए सरकार को घेरा।

उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में भी व्यापक अनियमितताएं हैं।प्रेस वार्ता के दौरान राम निवास धाम मंदिर से जुड़े विवाद और इंजीनियर संदीप यादव हत्याकांड का मुद्दा भी उठाया।अखिलेश यादव ने दोनों मामलों में निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और पीड़ितों को न्याय दिलाने की मांग की।


















