कप्तान को बताया’फरार’,उधर आरोपियों से चल रही थी सिपाही की चैटिंग
# रामपुर में बवाल केस में बड़ा एक्शन,सिपाही सस्पेंड,थानेदार लाइन हाजिर
रामपुर।
तहलका 24×7
उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले में पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े करने वाला मामला सामने आया है।सैफनी थाना क्षेत्र में हुए खूनी संघर्ष के आरोपियों को लेकर पुलिस अधीक्षक को लगातार बताया जा रहा था कि वे फरार हैं,जबकि थाने का एक सिपाही उन्हीं आरोपियों से मोबाइल पर चैटिंग कर रहा था।मामला 29 मई को बैरुवा गांव में दो पक्षों के बीच हुए खूनी संघर्ष से जुड़ा है।

दोनों पक्षों की ओर से घर में घुसकर मारपीट और जानलेवा हमले के मुकदमे दर्ज हुए थे,जिनमें कुल 16 लोग नामजद किए गए थे।घटना के बाद एसपी ने सभी आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए।लेकिन पुलिस की ओर से बार-बार यही बताया जाता रहा कि आरोपी फरार हैं।इसी बीच एसपी को सूचना मिली कि थाने का सिपाही मुनासिफ आरोपियों के संपर्क में है।

सर्विलांस जांच में आरोपियों से उसकी चैटिंग की पुष्टि होने पर एसपी ने उसे तत्काल निलंबित कर दिया।
सिपाही पर कार्रवाई के बाद भी थाना प्रभारी अजय मिश्र आरोपियों की गिरफ्तारी में अपेक्षित सक्रियता नहीं दिखा सके।चेतावनी मिलने के बावजूद केवल एक आरोपी शुएब की ही गिरफ्तारी हो सकी।कार्यशैली से असंतुष्ट एसपी ने तबादलों के दौरान थाना प्रभारी अजय मिश्र को लाइन हाजिर कर दिया और उनके खिलाफ विभागीय जांच भी शुरु करा दी।


















