अरंद गांव में दिखा तेंदुआ का जोड़ा, दहशत में ग्रामीण
# वन विभाग का सर्च ऑपरेशन जारी, ड्रोन कैमरे की मदद से की जा रही तलाशी
शाहगंज, जौनपुर।
एखलाक खान
तहलका 24×7
क्षेत्र के अंतर्गत अरंद गांव में तेंदुआ देखे जाने की सूचना से इलाके में हड़कंप मच गया है। ग्रामीणों द्वारा रिकॉर्ड किया गया वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें एक साथ दो तेंदुआ तालाब की तरफ से खेतों की ओर जाता दिख रहा है। वायरल वीडियो के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच कर तलाशी अभियान शुरु कर दी।

वन विभाग की टीम ने ग्रामीणों की सूचना के आधार पर इलाके में ड्रोन कैमरों व अन्य उपकरणों की मदद से सघन तलाशी अभियान शुरु किया है। हालांकि, देर शाम तक तेंदुए का कोई सुराग नहीं मिल सका है। ग्रामीणों के अनुसार गत दिनों गांव में एक ही रात आधा दर्जन बकरियों को तेंदुए ने अपना शिकार बना लिया था। साथ ही धान के खेतों में बड़े-बड़े पंजों के निशान भी देखे गए थे, जिससे संदेह और पुख्ता हो गया। गांव के निवासी अब भयभीत हैं।

शाम होते ही लोग अपने बच्चों और मवेशियों को घरों में समेट लेते हैं और रतजगा कर निगरानी करने को मजबूर हैं।वन विभाग के क्षेत्राधिकारी राकेश कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया तेंदुआ ही लग रहा है। काम्बिंग की जा रही है। ड्रोन कैमरे की मदद से भी तलाश जारी है। वन अधिकारी राजेश सिंह ने ग्रामीणों से अपील की कि अकेले खेतों की ओर न जाएं, बच्चों को भी अकेला न छोड़ें और तेंदुआ दिखने की स्थिति में तुरंत सूचना दें।

विभाग पूरी सतर्कता से कार्य कर रहा है और जल्द ही तेंदुए को पकड़ने की योजना पर काम हो रहा है।
फिलहाल, तेंदुए की मौजूदगी ने पूरे क्षेत्र में डर का माहौल बना दिया है। ग्रामीणों को तसल्ली देने के लिए पुलिस और वन विभाग की गश्त भी बढ़ा दी गई है।


















