अवैध नर्सिंग होमों पर चलेगा अभियान,लापरवाही मिलने पर होगी एफआईआर: सीएमओ
# फायर सेफ्टी,लाइफ सपोर्ट सिस्टम समेत सभी सुरक्षा मानकों की होगी जांच
जौनपुर।
गुलाम साबिर
तहलका 24×7
जिले में अवैध रुप से चल रहे नर्सिंग होम और मानकों की अनदेखी कर रहे निजी अस्पतालों के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग जल्द विशेष अभियान चलाएगा।मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ.गंगा राम ने कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वाले अस्पतालों के विरुद्ध पंजीकरण निरस्तीकरण से लेकर एफआईआर तक की कार्रवाई की जाएगी।

सीएमओ ने बताया कि अभियान के दौरान अवैध अस्पतालों के साथ-साथ पंजीकृत निजी चिकित्सालयों का भी निरीक्षण किया जाएगा।जांच में फायर सेफ्टी व्यवस्था,प्रशिक्षित नर्सिंग स्टाफ,लाइफ सपोर्ट सिस्टम, आवश्यक चिकित्सा उपकरण,आपातकालीन सेवाएं तथा शासन द्वारा निर्धारित अन्य मानकों का सत्यापन किया जाएगा।गंभीर खामियां मिलने पर संबंधित अस्पताल का पंजीकरण तत्काल प्रभाव से निरस्त किया जा सकता है।

उन्होंने बेसमेंट में संचालित अस्पतालों और नर्सिंग होमों पर विशेष सख्ती बरतने की बात कही।सीएमओ ने स्पष्ट चेतावनी दी कि बेसमेंट में अस्पताल संचालित करने वाले संचालक तत्काल ऐसी गतिविधियां बंद कर दें।आदेश के बावजूद संचालन मिलता है तो संबंधित संचालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।

डॉ. गंगा राम ने कहा कि मरीजों की सुरक्षा और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना स्वास्थ्य विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है।अस्पताल संचालकों को शासन के सभी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए निर्धारित सुरक्षा एवं संचालन मानकों का अनुपालन सुनिश्चित करना होगा।

















