आईएएस अधिकारी को बचाने के लिए शोर मचा रहे हैं अखिलेश यादव” ओमप्रकाश राजभर का आरोप
# मध्य प्रदेश के सीएम मोहन यादव से जुड़े भूमि विवाद पर सपा प्रमुख और सुभासपा अध्यक्ष के बीच तेज हुई बयानबाजी
लखनऊ।
विजय आनंद वर्मा
तहलका 24×7
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव से जुड़े कथित भूमि विवाद को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है।समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मामले को भाजपा की साजिश बताया है,जबकि उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने उन पर पलटवार करते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं।

राजभर ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट कर कहा कि अखिलेश यादव मुख्यमंत्री मोहन यादव के मामले में अनावश्यक हल्ला मचा रहे हैं और अपने करीबी लोगों को बचाने का प्रयास कर रहे हैं।उन्होंने आरोप लगाया कि मध्य प्रदेश कैडर के आईएएस अधिकारी भरत यादव का संबंध सपा के वरिष्ठ नेता रहे चंद्रपाल यादव के परिवार से है और इसी कारण अखिलेश यादव इस मुद्दे को उठा रहे हैं।

सुभासपा अध्यक्ष ने यह भी दावा किया कि मध्य प्रदेश में सड़क परियोजनाओं और भूमि निवेश से जुड़े मामलों में सपा से जुड़े लोगों की भूमिका की जांच होनी चाहिए।
उन्होंने लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे परियोजना का जिक्र करते हुए सैफई परिवार पर भी आरोप लगाए।हालांकि, राजभर द्वारा लगाए गए आरोपों पर समाजवादी पार्टी की ओर से तत्काल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।वहीं,इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।


















