आजमगढ़ : आशनाई के चलते ई-रिक्शा चालक की हुई थी हत्या, तीन गिरफ्तार
आजमगढ़। फैज़ान अहमद तहलका 24×7 सिधारी थाना क्षेत्र के बैठौली बाईपास मार्ग पर 20 मई को मृत मिले ई-रिक्शा चालक के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया। जांच में सामने आया है कि आशनाई में हत्या की गई है।
सिधारी थाना क्षेत्र के पूरा पांडेय गांव की रहने वाली कुसुमलता ने सिधारी थाने में तहरीर दी थी कि जमीन बंटवारे की रंजिश में उसके पति अजय कुमार की हत्या कर दी गई। उसने ससुर रामचंदर राम, जेठ विजय कुमार, देवर संजय कुमार और रणजीत पर हत्या करने का आरोप लगाया। अजय का शव बैठौली बाईपास पर उसके ही ई-रिक्शा में मिला।
मामले में केस दर्ज कर विवेचना के दौरान सामने आया कि अजय कुमार पूर्व में ग्राम गेलवारा के हिस्ट्रीशीटर धर्मेंद्र यादव उर्फ उदई का ई-रिक्शा चलाता था। धर्मेंद्र यादव चोरी के आरोप में काफी समय तक जिला कारागार में बंद रहा। इस दौरान अजय रोजाना कमाई का तय हिस्सा उसकी पत्नी को देता था। इस बीच अजय की धर्मेंद्र की पत्नी से नजदीकी बढ़ गई। जेल से निकलने के बाद इस बात की जानकारी होने पर धर्मेंद्र ने अजय को काम से हटा दिया। इसपर अजय उसके चाचा का ई रिक्शा चलाने लगा। वहां पर भी मायके में रह रही उनकी विवाहिता पुत्री के साथ उसकी नजदीकी बढ़ने लगी।
इसकी जानकारी होने पर धर्मेंद्र के चाचा के लड़के रमित यादव उर्फ रमता अपने दोस्त पवन प्रकाश यादव उर्फ राहुल के साथ मिलकर योजना बनाई। घटना के दिन उसे घर से ई-रिक्शा में बिठाकर नरौली पर शराब पिलाई। बैठौली बाईपास पर ई-रिक्शा के अंदर ही उसे पवन ने सीने पर घुटना रखकर रमित यादव के सहयोग से काबू किया। धर्मेंद्र यादव ने गला दबाकर उसको मार डाला।
पुलिस ने आरोपी धर्मेंद्र यादव उर्फ उदई, रमित यादव उर्फ रमता व पवन प्रकाश यादव उर्फ राहुल निवासी गेलवारा थाना सिधारी को गिरफ्तार किया। धर्मेंद्र व पवन के खिलाफ सिधारी थाने में कई धाराओं में मुकदमा दर्ज है।