आजमगढ़ : संदिग्धावस्था में विवाहिता की मौत, पिता ने लगाया हत्या का आरोप
आजमगढ़। फैज़ान अहमद तहलका 24×7 जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के नत्थूपुर गांव निवासी एक विवाहिता की बुधवार की देर शाम संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मायके वालों ने हत्या का आरोप लगाते हुए घटना की सूचना पुलिस को दी। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जीयनपुर के अजगरा गांव निवासी ओम प्रकाश यादव ने पुत्री रेखा यादव (30) का विवाह छह जून 2010 को इसी थाना क्षेत्र के नत्थूपुर गांव निवासी सूर्यमणि के साथ किया था। बुधवार की देर शाम रेखा की संदिग्धावस्था में मौत हो गई। इसके बाद ससुराल वाले शव को बिना मायके वालों को सूचना दिए अंतिम संस्कार करने की तैयारी में जुट गए। गांव के ही किसी व्यक्ति ने घटना की सूचना मायके वालों को दी तो पिता मौके पर पहुंच गए।
जिन्हें लड़की का शव नहीं दिखाया गया। इस पर उन्होंने हत्या का आरोप लगाते हुए सूचना पुलिस को दे दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजवा दिया। मृतका के पिता ने रेखा के पति, देवर, देवरानी, सास व ननद के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कराने के लिए तहरीर दिया है। मृतका एक पुत्र की मां बताई गई है।