आजमगढ़ : सरकारी धन गबन के आरोप में पूर्व प्रधानाचार्य गिरफ्तार
आजमगढ़। फैज़ान अहमद तहलका 24×7 जहानागंज थाने में दर्ज सरकारी धन के गबन के मामले में वांछित पूर्व प्रधानाचार्य को पुलिस ने बृहस्पतिवार को गिरफ्तार कर लिया। गोड़सर ग्राम निवासी राजू प्रसाद पुत्र फेंकू राम ने बीते 15 अप्रैल को न्यायालय में दिए गए प्रार्थना पत्र के आधार पर स्थानीय थाने में श्रीराम राष्ट्रीय इंटर कालेज के पूर्व प्रधानाचार्य रामबचन चौहान पर आरोप लगाया।
तहरीर में उन्होंने विद्यालय में अध्ययनरत जूनियर हाई स्कूल तक के छात्र-छात्राओं को मिलने वाले मिड डे मील योजना के तहत भोजन के सरकारी धन एक लाख आठ हजार 255 रुपये का गबन करने का आरोप लगाया। वादी मुकदमा ने बताया कि एमडीएम योजना के तहत गठित अभिभावक संघ का वह अध्यक्ष है और इस योजना के तहत खोले गए बैंक खाते में उसका नाम पूर्व प्रधानाचार्य रामबचन चौहान के साथ संयुक्त रूप से जोड़ा गया था। पूर्व प्रधानाचार्य ने सह खातेदार का फर्जी हस्ताक्षर बनाकर खाते से 108255 अपने निजी खाते में स्थानांतरित करा लिया है। बृहस्पतिवार को पुलिस ने जहानागंज ब्लाक मोड़ से पूर्व प्रधानाचार्य को गिरफ्तार कर लिया।