आतंक पर हुई तगड़ी चोट, एनकाउंटर में 12 नक्सली ढेर
बीजापुर।
तहलका 24×7 छत्तीसगढ़ तेलंगाना बार्डर इलाके के बीजापुर जिले में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच चल रही मुठभेड़ में सुरक्षा बल के जवानों ने अब तक 12 नक्सलियों को मार गिराया है। इलाके में नक्सलियों की धरपकड़ के लिए सर्चिंग अभियान भी तेज कर दिया गया है।पुलिस के मुताबिक दक्षिणी बीजापुर के जंगल में पुलिस और सुरक्षाकर्मियों की संयुक्त टीम नक्सल विरोधी अभियान पर निकली।

सर्चिंग के दौरान जवानों का सामना माओवादियों से हुआ। दोनों ओर से लगातार गोलीबारी होती रही। मुठभेड़ में अबतक 12 नक्सलियों के मारे जाने की खबर है। अभियान में राज्य पुलिस के तीन जिलों के जिला रिजर्व गार्ड (डीआरजी), कोबरा की 5 बटालियन सीआरपीएफ की एक विशेष जंगल युद्ध इकाई कमांडो बटालियन फॉर रेसोल्यूट एक्शन और सीआरपीएफ की 229वीं बटालियन के जवान शामिल हैं।नक्सलियों की तलाश में इलाके में सघन सर्च अभियान चलाया गया है।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक सुरक्षा बलों को किसी भी तरह का कोई नुकसान मुठभेड़ में नहीं हुआ है। पुलिस अधिकारी की ओर से कहा गया है कि मुठभेड़ के बाद जब जवान लौटकर कैंप आएंगे तब पूरी जानकारी मीडिया को दी जाएगी। फिलहाल नए साल पर नक्सलियों के खिलाफ जवान नई रणनीति के साथ एक्शन ले रहे हैं। 12 जनवरी को बीजापुर में 5 माओवादी मारे गए थे। वहीं 6 जनवरी को बीजापुर के कुटरु में नक्सलियों के लगाए बम की चपेट में आने डीआरजी के 8 जवान शहीद हो गए थे।पिछले साल राज्य में मुठभेड़ों में सुरक्षा बलों ने 219 नक्सलियों को मार गिराया था।








