भाजपा नेता को थाने बुलाकर पीटा, 3 दारोगा समेत 4 सस्पेंड
प्रयागराज।
तहलका 24×7. तीर्थराज प्रयागराज में सत्ताधारी दल भाजपा के एक नेता के साथ पुलिस ने बदसलूकी की। जमीन के एक मामले की जानकारी करने जब भाजपा अनुसूचित जाति के प्रदेश कोषाध्यक्ष मनोज पासी झूंसी थाने पहुंचे तो उनके साथ पुलिस वालों की पहले बहस हुई, फिर पुलिस वालों ने उनको इतनी बेरहमी से मारा कि वो बेहोश हो गए।

मामले में पीड़ित ने पुलिस कमिश्नर से शिकायत की, जिसपर पुलिस कमिश्नर ने तीन दरोगा और एक हेड कांस्टेबल को सस्पेंड कर दिया। जानकारी के मुताबिक भाजपा नेता के भाई अपनी जमीन पर बाउंड्रीवॉल का निर्माण करा रहे थे। उसी जमीन पर एक व्यक्ति ने अपना दावा ठोकते हुए पुलिस में शिकायत की। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर काम रुकवा दिया। भाजपा नेता मनोज पासी को थाने बुलवाया गया।

जब वह थाने गए और काम रुकवाने के पीछे की वजह जाननी चाही तो पुलिस कर्मियों से बहस हो गई। काम शुरु कराने को कहा तो पुलिसकर्मी भड़क गए। उन्हें इतना मारा कि वो बेहोश हो गए। होश आने पर वो थाने के बाहर धरने पर बैठ गए। पिटाई से आहत भाजपा नेता ने लोगों को चोट दिखाई। जिसका वीडियो भी लोगों ने बनाया और वायरल कर दिया।

थोड़ी देर में बड़ी संख्या में भाजपा नेता व समर्थक पहुंच गए। पीड़ित की पत्नी सन्नों ने पुलिसकर्मियों के खिलाफ कमिश्नर को प्रार्थना पत्र दिया।एडीसीपी सिटी प्रयागराज अभिषेक भारती ने मामले की जांच बैठा दी। जांच के बाद रिपोर्ट पुलिस कमिश्नर को सौंपी। रिपोर्ट के आधार पर पुलिस कमिश्नर ने दारोगा संतोष सिंह, जय नारायण, श्रीराम यादव व हेड कांस्टेबल जय यादव को सस्पेंड कर दिया।

















