एआई से छेड़छाड़ कर ओवैसी की फोटो पोस्ट,आरोपी हिरासत में, माफीनामे के बाद मामला शांत
शाहगंज,जौनपुर।
एखलाक खान
तहलका 24×7
एआईएमआईएम के राष्ट्रीय अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी की तस्वीर के साथ कथित छेड़छाड़ कर सोशल मीडिया पर पोस्ट करना एक व्यक्ति को भारी पड़ गया।मामले में नाराज पार्टी कार्यकर्ताओं की शिकायत पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया।बताया जाता है कि फेसबुक पर एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) के जरिए मुम्ब्रा की एक महिला पार्षद और ओवैसी की फोटो को एडिट कर पोस्ट किया गया था।

आरोप है कि इस पोस्ट के माध्यम से उनकी छवि धूमिल करने का प्रयास किया गया।पोस्ट वायरल होते ही एआईएमआईएम कार्यकर्ताओं में नाराजगी फैल गई, उन्होंने थाने पहुंचकर पुलिस को तहरीर देते हुए कार्रवाई की मांग की।मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने इराकियाना मोहल्ला निवासी मौलाना अकरम कासमी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।देर रात तक थाने में दोनों पक्षों के बीच पंचायत चली।

आखिरकार आरोपी मौलाना अकरम कासमी ने फेसबुक से पोस्ट डिलीट कर दिया और लिखित रुप से माफीनामा दिया।इसके बाद दोनों पक्षों में समझौता हो गया और मामला शांत हुआ।पुलिस ने बताया कि सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक सामग्री पोस्ट करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।


















