एसडीएम सदर कार्यालय के मुंशी पर हमला,लाठी-डंडे व हेलमेट से पीटा
जौनपुर।
गुलाम साबिर
तहलका 24×7
एसडीएम सदर कार्यालय में तैनात मुंशी पर शनिवार सुबह बाइक सवार नकाबपोश बदमाशों ने हमला कर दिया।बीच सड़क हुई इस घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया।गंभीर रुप से घायल कर्मचारी को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के पतहना गांव निवासी रमाशंकर विश्वकर्मा (58) एसडीएम सदर कार्यालय में मुंशी के पद पर कार्यरत हैं।

शनिवार सुबह करीब 8:30 बजे वह अपने पोते नितिन (18) के साथ बाइक से कलेक्ट्रेट स्थित कार्यालय जा रहे थे।घर से लगभग 100 मीटर दूर पहुंचते ही तीन बाइक सवार नकाबपोश बदमाशों ने उनकी बाइक रुकवा ली और लाठी-डंडों,हेलमेट तथा लात-घूंसों से हमला कर दिया।हमले में रमाशंकर गंभीर रुप से घायल हो गए। शोर-शराबा सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने बदमाशों को दौड़ाया,जिसके बाद वे फरार हो गए।

सूचना पर पहुंची पुलिस घायल को करंजाकला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गई,जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।पुलिस मामले की जांच में जुटी है।पीड़ित ने प्रशासन से आरोपितों की गिरफ्तारी और न्याय दिलाने की मांग की है।घटना के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।















