एक माह बाद भी नहीं मिली गांधी प्रतिमा,कांग्रेस ने दी आंदोलन की चेतावनी
जौनपुर।
गुलाम साबिर
तहलका 24×7
महराजगंज क्षेत्र के गांधीनगर बाजार से राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की ऐतिहासिक प्रतिमा चोरी होने का मामला अब राजनीतिक रंग लेने लगा है।घटना के एक माह से अधिक समय बीत जाने के बावजूद पुलिस को कोई सफलता नहीं मिली,जिससे क्षेत्रीय लोगों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं में नाराजगी बढ़ रही है।कांग्रेसजनों ने चेतावनी दी है कि एक सप्ताह के भीतर प्रतिमा बरामद कर पुनर्स्थापित नहीं की गई तो आंदोलन शुरु किया जाएगा।

जानकारी के अनुसार गांधीनगर बाजार स्थित राजा बाजार मार्ग पर मीरापुर शिरोमणि ग्राम पंचायत में वर्ष 1985 में गांधी विचार मंच के तत्वावधान में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा स्थापित की गई थी।प्रतिमा का अनावरण तत्कालीन मंत्री स्वर्गीय श्याम सूरत उपाध्याय ने गांधी जयंती के अवसर पर किया था।प्रतिमा स्थापना के बाद पूरे क्षेत्र की पहचान ही गांधीनगर के नाम से होने लगी।

गांधी विचार मंच के तत्कालीन अध्यक्ष चंद्र प्रताप सिंह के पुत्र बालेंदू प्रताप सिंह के अनुसार 5 मई की रात अज्ञात चोर प्रतिमा उखाड़ ले गए और चबूतरे को भी क्षतिग्रस्त कर दिया।मामले की शिकायत 7 मई को मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल पर की गई थी।पुलिस ने जांच शुरु कर मौके का निरीक्षण भी किया,लेकिन अब तक प्रतिमा का कोई सुराग नहीं मिल सका है।कांग्रेस जिलाध्यक्ष डॉ.प्रमोद सिंह ने कहा कि यह सिर्फ प्रतिमा चोरी का मामला नहीं,बल्कि महात्मा गांधी के सम्मान और उनके विचारों पर हमला है।

उन्होंने प्रशासन को एक सप्ताह का अल्टीमेटम देते हुए कहा कि प्रतिमा बरामद कर पुनः स्थापित नहीं की गई तो कांग्रेस कार्यकर्ता धरना-प्रदर्शन करेंगे।वहीं, महराजगंज थानाध्यक्ष तरुण श्रीवास्तव ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही घटना के खुलासे का प्रयास किया जाएगा।प्रतिमा चोरी की इस घटना को लेकर क्षेत्र में आक्रोश और चर्चा का माहौल बना हुआ है।


















