कांवड़ यात्रा: यूपी के 7 जिलों में शराब और मीट की दुकानें बंद, कई जगह प्याज-लहसुन पर भी रोक

कांवड़ यात्रा: यूपी के 7 जिलों में शराब और मीट की दुकानें बंद,कई जगह प्याज-लहसुन पर भी रोक

लखनऊ। 
विजय आनंद वर्मा 
तहलका 24×7 
              सावन माह में कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और श्रद्धापूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए उत्तर प्रदेश सरकार ने विशेष निर्देश जारी किए हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर कांवड़ मार्ग से जुड़े सात जिलों में यात्रा के दौरान शराब और मांस की दुकानें बंद रखने का आदेश दिया गया है।संबंधित जिला प्रशासन को आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन का कहना है कि यह निर्णय कांवड़ियों की धार्मिक भावनाओं का सम्मान,कानून-व्यवस्था बनाए रखने और यात्रा को सुचारु रुप से संपन्न कराने के उद्देश्य से लिया गया है।यात्रा मार्गों पर सुरक्षा,यातायात और साफ-सफाई की विशेष व्यवस्था की जा रही है तथा संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी।
जिन जिलों में बंदी के निर्देश जारी किए गए हैं उनमें हापुड़ में 26 जुलाई से कांवड़ मार्ग पर मीट,अंडा और अन्य नॉनवेज की दुकानें अगले आदेश तक बंद रखने का आदेश है।मेरठ में 193 मीट की दुकानें बंद, जबकि 197 शराब की दुकानों को पर्दों से ढकने के निर्देश दिए गए हैं।मुजफ्फरनगर में कांवड़ रुट के होटल-ढाबों में नॉनवेज के साथ प्याज और लहसुन के उपयोग पर भी रोक है।शामली में 30 जुलाई से 12 अगस्त तक नॉनवेज की दुकानें बंद रखने के आदेश जारी किए गए हैं,वहीं गौतमबुद्ध नगर,गाजियाबाद, सहारनपुर में कांवड़ यात्रा अवधि में शराब और मांस की दुकानें बंद रहेंगी।
बताया गया कि कांवड़ियों की सुविधा के लिए यात्रा मार्गों पर पेयजल,चिकित्सा,विश्राम स्थल और यातायात प्रबंधन के व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं।अधिकारियों को लगातार निगरानी बनाए रखने और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था से सख्ती से निपटने के निर्देश दिए गए हैं।गौरतलब है कि कांवड़ यात्रा के दौरान उत्तर प्रदेश सरकार प्रत्येक वर्ष सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर विशेष दिशा-निर्देश जारी करती है।इस वर्ष भी यात्रा को सकुशल संपन्न कराने के लिए प्रशासनिक स्तर पर व्यापक तैयारियां की गई हैं।
Previous article10 वर्षीय बालिका हत्याकांड में एसएसपी का बड़ा एक्शन, चौकी प्रभारी निलंबित, कोतवाल लाइन हाजिर
Next articleएलडीए के जेई व सुपरवाइजर 7.50 लाख की रिश्वत लेते गिरफ्तार, विजिलेंस का ट्रैप
Tahalka24x7
तहलका24x7 की मुहिम... "सांसे हो रही है कम, आओ मिलकर पेड़ लगाएं हम" से जुड़े और पर्यावरण संतुलन के लिए एक पौधा अवश्य लगाएं..... ?