कार में नहीं मिला हेलमेट तो काट दिया चालान,ट्रैफिक पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
जौनपुर।
गुलाम साबिर
तहलका 24×7
उत्तर प्रदेश पुलिस के ई-चालान सिस्टम की एक अजीबोगरीब गलती इन दिनों चर्चा का विषय बनी हुई है।यातायात पुलिस ने एक चार पहिया वाहन का चालान“बिना हेलमेट”के आरोप में काट दिया, जिसके बाद विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।जानकारी के अनुसार रुहट्टा स्थित सहकारी कॉलोनी निवासी डॉ.विनोद सिंह की कार संख्या UP 62 CN 5834 का ई-चालान 16 मई 2026 की शाम करीब 6:24 बजे जारी किया गया।

चालान में वाहन श्रेणी स्पष्ट रुप से“मोटर कार”दर्ज है,लेकिन उल्लंघन के कॉलम में“दो पहिया वाहन बिना हेलमेट चलाना”अंकित कर 1000 रुपए का जुर्माना लगा दिया गया।इतना ही नहीं,यातायात पुलिस निदेशालय की ओर से भेजे गए नोटिस में वाहन स्वामी से सात दिन के भीतर चालक की जानकारी,ड्राइविंग लाइसेंस और अन्य दस्तावेज उपलब्ध कराने को कहा गया है।नोटिस में जानकारी न देने पर जुर्माना अथवा जेल की चेतावनी भी दी गई है।

मामले को लेकर डॉ.विनोद सिंह और उनके समर्थकों में नाराजगी है।अधिवक्ता हिमांशु श्रीवास्तव और घनश्याम ओझा ने इसे यातायात विभाग की गंभीर लापरवाही बताते हुए न्यायालय में विधिक कार्रवाई की बात कही है।उनका कहना है कि बिना सत्यापन के इस तरह चालान जारी करना आम नागरिकों का मानसिक उत्पीड़न है।मामला सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर भी लोग सवाल उठा रहे हैं कि आखिर चार पहिया वाहन में हेलमेट न पहनने का चालान कैसे काट दिया गया।अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि यातायात विभाग इस त्रुटि को सुधारते हुए जिम्मेदारों पर कोई कार्रवाई करता है या नहीं।


















