कार से धक्का लगने पर युवक की पीटकर हत्या,गांव में तनाव,भारी फोर्स तैनात
पिंडरा, वाराणसी।
नितेश गुप्ता
तहलका 24×7
फूलपुर थाना क्षेत्र के भरथरा घमहापुर गांव में बीती देर रात एक मामूली हादसा खूनी वारदात में बदल गया।कार से महिला को धक्का लगने के बाद आक्रोशित परिजनों व ग्रामीणों ने 36 वर्षीय युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी।घटना के बाद गांव में तनाव व्याप्त है,जिसे देखते हुए कई थानों की पुलिस फोर्स और पीएसी तैनात कर दी गई है।जानकारी के अनुसार, भरथरा गांव निवासी मनीष सिंह (36) पुत्र स्वर्गीय गुलाब सिंह अपने घर से कुछ दूरी पर स्थित दोना-पत्तल के कारखाने से रात करीब 10 बजे कार से घर लौट रहे थे।

इसी दौरान गांव में प्रवेश करते समय उनकी कार से बिंदु देवी पत्नी सुरेंद्र प्रजापति को धक्का लग गया,जिससे वह घायल हो गईं।घटना के बाद मौके पर जुटे ग्रामीणों ने मनीष सिंह को घेर लिया।कहासुनी के बीच कुछ मनबढ़ लोगों ने लाठी-डंडों और ईंट-पत्थरों से उन पर हमला कर दिया।गंभीर रुप से घायल मनीष को परिजन तत्काल पीएचसी बसनी ले गए,जहां हालत नाजुक होने पर उन्हें बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया,वहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही एडीसीपी नृपेंद्र कुमार, कार्यवाहक एसीपी अंजनी राय,इंस्पेक्टर फूलपुर अतुल कुमार सिंह समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई।हत्या की संवेदनशीलता को देखते हुए गांव में पीएसी और अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया। पुलिस ने मृतक के चाचा अरुण कुमार सिंह की तहरीर पर 8 नामजद और 7 अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।

मामले में अब तक 11 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए गांव के चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात है,आने-जाने वालों पर नजर रखी जा रही है।बाहरी लोगों की भीड़ न जुटे, इसके लिए भी पुलिस सतर्क है।घटना के बाद गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है,मृतक के घर पर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
















