तेज रफ्तार ट्रेलर ने स्कूटी को मारी टक्कर,महिला की मौत,पति घायल
आजमगढ़।
तहलका 24×7
बरदह थाना क्षेत्र के ठेकमा बाजार में बीती रात दर्दनाक सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि उनके पति घायल हो गए।घटना के बाद इलाके में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों में कोहराम मच गया।जानकारी के अनुसार,सरावां गांव निवासी शिव बचन प्रजापति अपनी पत्नी मंजू देवी (50) के साथ स्कूटी से घर लौट रहे थे।

दोनों गंभीरपुर थाना क्षेत्र के कुत्तू परशुरामपुर स्थित ससुराल में हल्दी मंडप की रस्म में शामिल होकर वापस आ रहे थे।28 अप्रैल को मंजू देवी के मायके में उनके भतीजे की शादी भी होनी थी।जैसे ही दंपति ठेकमा बाजार स्थित मौर्य पुस्तकालय के पास पहुंचे, पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने स्कूटी में जोरदार टक्कर मार दी।हादसे में मंजू देवी गंभीर रुप से घायल हो गईं,जबकि उनके पति को भी चोटें आईं।

मौके पर मौजूद दरोगा पुनीत कुमार श्रीवास्तव ने तत्परता दिखाते हुए पुलिस टीम के साथ घायल महिला को नजदीकी निजी अस्पताल भिजवाया।वहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया,जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।घटना की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए।मंजू देवी अपने पीछे दो पुत्र और एक पुत्री को छोड़ गई हैं।

उनके निधन से परिवार में गहरा शोक व्याप्त है।दुर्घटना के बाद भाग रहे ट्रेलर को चौकी इंचार्ज ठेकमा राजेंद्र पटेल ने घेराबंदी कर पकड़ लिया और वाहन को चौकी में खड़ा करा दिया।थाना अध्यक्ष बरदह राजीव कुमार सिंह ने बताया कि चंद्रलोक वस्त्रालय से शंकर तिराहा तक सड़क काफी संकरी है,जिसके चलते यहां अक्सर जाम और दुर्घटनाएं होती रहती हैं।उन्होंने बताया कि इस मार्ग पर पुलिस निगरानी बढ़ाई जाएगी,तेज रफ्तार वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और अतिक्रमण हटाने के लिए अभियान चलाया जाएगा।
















