गर्भवती की मौत मामले में हरकत में आया स्वास्थ्य विभाग,सीएमओ ने किया किरण अस्पताल का निरीक्षण
खुटहन, जौनपुर।
मुलायम सोनी
तहलका 24×7
उपचार के दौरान छह माह की गर्भवती महिला की मौत के मामले में स्वास्थ्य विभाग सक्रिय हो गया है।घटना के दूसरे दिन शुक्रवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ.गंगाराम गौतम ने खुटहन स्थित किरण अस्पताल का निरीक्षण कर पूरे मामले की जांच शुरु करा दी।उनके साथ डिप्टी सीएमओ,सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक मौजूद रहे।

निरीक्षण के दौरान अस्पताल का मुख्य गेट खुला मिला, लेकिन चिकित्सक व कर्मचारी मौके पर नहीं मिले। जिम्मेदार व्यक्ति उपस्थित न होने पर सीएमओ ने अस्पताल भवन का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से भी घटना के संबंध में जानकारी जुटाई। सीएमओ ने बताया कि प्रथम दृष्टया सामने आए तथ्यों की गहन जांच कराई जा रही है।जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।उन्होंने कहा कि जिले स्तर से टीम गठित कर किरण अस्पताल के साथ क्षेत्र में संचालित सभी अवैध अस्पतालों एवं पैथोलॉजी केंद्रों की भी जांच कराई जाएगी।

उधर,पुलिस भी अपने स्तर पर मामले की विवेचना में जुटी हुई है।मृतका के पति की तहरीर पर चिकित्सक व कर्मचारियों के विरुद्ध गैर इरादतन हत्या समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।पोस्टमार्टम रिपोर्ट और स्वास्थ्य विभाग की जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।गौरतलब है कि सरपतहा थाना क्षेत्र के पट्टी नरेंद्रपुर गांव निवासी रिंकू माली की छह माह की गर्भवती पत्नी लक्ष्मी की बुधवार रात उपचार के दौरान मौत हो गई थी।परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर उपचार में लापरवाही बरतने तथा नवजात का शव न सौंपने का गंभीर आरोप लगाया है।


















